Haryana News: हरियाणा में पानीपत नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स नहीं भरने वालों के खिलाफ एक बार फिर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले चरण में करीब 200 भवन मालिकों के नोटिस तैयार किए गए हैं, जिन पर कुल मिलाकर लगभग 22 करोड़ रुपये का बकाया है। इनमें से करीब 100 बकायादारों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं, जबकि बाकी को जल्द नोटिस भेजे जाएंगे।
नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी ने बताया कि सरकार की ओर से फिलहाल टैक्स जमा करने पर छूट भी दी जा रही है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे समय रहते अपना बकाया जमा कर दें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दूसरे नोटिस पर सीलिंग की चेतावनी
टैक्स सुपरिटेंडेंट जोगिंद्र सिंह के अनुसार, जो लोग पहले नोटिस के बाद भी टैक्स जमा नहीं करेंगे, उन्हें दूसरे नोटिस में साफ तौर पर सीलिंग की चेतावनी दी जाएगी। इसके बावजूद भुगतान नहीं करने पर तीसरे नोटिस के बाद संबंधित भवन को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
शहर में 1.86 लाख प्रॉपर्टी यूनिट
नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक शहर में कुल करीब 1.86 लाख प्रॉपर्टी यूनिट हैं, जिनसे 100 करोड़ रुपये से अधिक का टैक्स बनता है। इसमें खाली प्लॉट, मकान, दुकान, शोरूम और सरकारी विभाग शामिल हैं।
प्रशासन ने पहले चरण में बड़े बकायादारों को चिन्हित कर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की है।
google-site-verification: google37146f9c8221134d.html

