नई दिल्ली में चार दिन तक चली वार्ता गुरुवार को हुई समाप्त
Business News Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारत और अमेरिका के प्रतिनिधिमंडल के बीच अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है। इसी सिलसिले में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल इस सप्ताह भारत दौरे पर आया था। चार दिनों तक चली वार्ता गुरुवार को समाप्त हुई। भारत के वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत सहयोग और व्यावहारिक दृष्टिकोण के साथ हुई। भारत और अमेरिका ने एक ऐसे समझौते पर सहमति बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई है, जिससे दोनों देशों के व्यापार और आर्थिक संबंधों को और मजबूती मिले तथा दोनों को समान लाभ प्राप्त हो।
अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मुख्य वातार्कार ब्रेंडन लिंच ने किया, जबकि भारतीय पक्ष की अगुवाई वाणिज्य विभाग में अतिरिक्त सचिव दर्पण जैन ने की। दोनों देश पहले चरण के द्विपक्षीय व्यापार समझौते का ढांचा तय कर चुके हैं। अब अंतरिम व्यापार समझौते के ब्योरे को अंतिम रूप देने और व्यापक व्यापार समझौते पर आगे की बातचीत चल रही है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने हाल ही में कहा था कि पहले चरण के अधिकांश मुद्दों पर सहमति बन चुकी है और अब केवल कुछ छोटे बिंदुओं पर चर्चा बाकी है।
दोनों देशों ने आपसी व्यापार 500 अरब डॉलर का लक्ष्य रखा
भारत ने इस समझौते के तहत कई अमेरिकी औद्योगिक और कृषि उत्पादों पर शुल्क कम करने या हटाने का प्रस्ताव दिया है। वहीं भारत ने अगले पांच वर्षों में अमेरिका से 500 अरब डॉलर मूल्य के ऊर्जा उत्पाद, विमान, प्रौद्योगिकी उपकरण, कीमती धातुएं और कोकिंग कोल खरीदने की इच्छा भी जताई है। विशेषज्ञों का मानना है कि समझौते में भारत को अपने प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले शुल्क संबंधी लाभ मिलना महत्वपूर्ण होगा। अमेरिका भारत का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का अमेरिका को निर्यात 87.3 अरब डॉलर और आयात 52.9 अरब डॉलर रहा।
भारत ने कई वर्षों तक अमेरिकी नीतियों का फायदा उठाया
इसी बीच अमेरिकी राष्टÑपति ने एक बड़ा बयान जारी करते हुए कहा है कि कई वर्षों तक भारत ने अमेरिका पर ऊंचे आयात शुल्क लगाए। उन्होंने दावा किया कि भारत अमेरिकी उत्पादों पर भारी टैरिफ वसूलता था, जबकि अमेरिका को उसका समान लाभ नहीं मिलता था। ट्रंप ने कहा कि अब स्थिति बदल गई है और अमेरिका भारत के साथ व्यापार से अच्छा राजस्व प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कई दशकों से भारत और अमेरिका के बीच व्यापार होता रहा है और जल्द ही दोनों देश व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे। ट्रंप ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरे बहुत अच्छे मित्र हैं और व्यापार वार्ता सही दिशा में आगे बढ़ रही है।

