14.2 किलोग्राम सिलेंडर अब दिल्ली में 942 रुपए का मिलेगा
LPG Cylinder Price Hike (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : देश की जनता को आज सुबह महंगाई का एक और झटका उस समय लगा जब पेट्रोलियम मंत्रालय ने घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाने की घोषणा कर दी। बढ़ी हुई कीमतें आज से ही लागू हो चुकी हैं। घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंंडर की कीमत में 29 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई है। यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बार है जब घरेलू गैस सिलिंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को प्रति सिलिंडर 60 रुपए की वृद्धि की गई थी। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 942 रुपए हो गई है।
दाम बढ़ने के पीछे यह कारण बताया
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। मार्च में की गई 60 रुपये की वृद्धि के बावजूद तेल विपणन कंपनियों को घरेलू एलपीजी बिक्री पर नुकसान उठाना पड़ रहा था। ताजा संशोधन से पहले सरकारी तेल कंपनियों को हर घरेलू एलपीजी सिलिंडर पर लगभग 703 रुपये का नुकसान हो रहा था। ऐसे में बढ़ती लागत को देखते हुए कीमतों में इजाफा करना आवश्यक माना गया।
एक जून को महंगा हुआ था ककर्शियल सिलेंडर
इससे पहले 1 जून को कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव किया गया था। नई दरों के तहत दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलिंडर की कीमत में 42 रुपये की बढ़ोतरी की गई, जबकि कोलकाता में इसके दाम 53.50 रुपये बढ़े। इसके अलावा पांच किलोग्राम वाले फ्री ट्रेड एलपीजी (एफटीएल) सिलेंडर की कीमत भी 11 रुपये बढ़ाई गई है। दिल्ली में अब यह सिलेंडर 821.50 रुपये में उपलब्ध होगा।
आरबीआई ने चताई थी महंगाई को लेकर आशंका
ज्ञात रहे कि बीते गुरुवार को आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने यह कहा था कि यदि देश में महंगाई को काबू न किया गया तो इसका अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। मल्होत्रा ने विशेष रूप से गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों की वृद्धि रोकने और इन्हें काबू में करने को लेकर जोर डाला था।

