गुरुग्राम. दिल्ली मेट्रो में सफर करने वालों के लिए खुशखबरी है. यशो भूमि मेट्रो स्टेशन से लेकर गुरुग्राम के राजीव चौक तक प्रस्तावित मेट्रो में पांच भूमिगत स्टेशन बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है और इस संबंध में डीएमआरसी ने शहरी एवं आवासन मंत्रालय की डीपीआर भेज दी है.
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के बिजवासन, कापसहेड़ा और गुरुग्राम के सेक्टर-22, इफ्को चौक और राजीव चौक पर भूमिगत मेट्रो स्टेशन बनेंगे. इस मेट्रो मार्ग रेल लाइन के लिए साढ़े 13 हजार करोड़ रुपये की लागत लागत आएगी. डीपीआर में 20 किमी लंबे इस ट्रेक में पांच अंडरग्राउंड स्टेशन बनाने का प्रस्वात रखा गया है.
दरअसल, दिल्ली के यशो भूमि मेट्रो स्टेशन से यह लाइन शुरू होगी और फिर धूल सिरस, भरथल, बिजवासन, कापसहेड़ा, गुरुग्राम के मौलाहेड़ा, उद्योग विहार, इफ्को चौक से दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे से होते हुए राजीव चौक तक पहुंचेगी. इसमें भूमिगत मेट्रो चलेगी.
गौरतलब है कि दिल्ली से लेकर गुरुग्राम होते हुए बावल तक, ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के दूसरे चरण का टेंडर भी इसी माह के अंत में जारी होने का अनुमान है और इस पर करीब 1400 करोड़ रुपये खर्च होंगे. दो साल में इस रेललाइन का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है.
31 दिसंबर तक अड़चनें होंगी दूर
हिंदुस्तान अखबार की खबर के अनुसार, ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के तहत हीरो होंडा चौक से लेकर उमंग भारद्वाज चौक तक मेट्रो का निर्माण शुरू हो गया है. इसके लिए हिमगिरी आश्रम की चारदीवारी को तोड़ दिया गया है और इस लाइन में आ रहे कमरों पर भी प्रशासन बुलडोजर चलाने जा रहा है. एनएनएचआई और डीएचबीवीएन की तरफ से 31 दिसंबर तक मार्ग में आने वाली अड़चनें को हटाने की डेडलाइन दी गई है. गौर रहे कि इस प्रस्तावित निर्माण से लाखों लोगों को लाभ होगा.
