नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम भले ही इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज हार गई लेकिन फैंस में इसको लेकर ज्यादा मायूसी नहीं है. इसके पीछे की वजह से कोई और नहीं बल्कि हिटमैन रोहित शर्मा का प्रदर्शन है. लॉर्ड्स के मैदान खेले जाने वाले जिस मैच को उनका आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला बताया जा रहा था उसमें उन्होंने एक दो नहीं बल्कि तीन दिग्गजों का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया. अनुभवी सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने एक शतकीय पारी से तीन बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए. 39 साल के रोहित ने सबसे उम्र दराज शतकवीर बने, विदेशी सरजमीं पर सबसे ज्यादा शतक और SENA देशों में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड बना डाला..
सबसे पहले रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय बल्लेबाज बन गए. उन्होंने 39 साल 80 दिन की उम्र में यह कारनामा किया. उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया. सचिन ने 2012 में 38 साल 327 दिन की उम्र में अपना आखिरी वनडे शतक लगाया था. इस उपलब्धि के साथ रोहित ने साबित कर दिया कि उम्र उनके प्रदर्शन के आड़े नहीं आ रही है.

इसके अलावा रोहित शर्मा ने इंग्लैंड की धरती पर सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने वाले विदेशी बल्लेबाजों की सूची में भी दूसरा स्थान हासिल कर लिया. इस शतक के साथ इंग्लैंड में उनके 10 अंतरराष्ट्रीय शतक हो गए हैं. इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज डॉन ब्रैडमैन 11 शतकों के साथ पहले स्थान पर हैं. वेस्टइंडीज के दिग्गज विवियन रिचर्ड्स 9 शतकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं. रोहित अब ब्रैडमैन के रिकॉर्ड से सिर्फ एक शतक दूर हैं.
रोहित ने SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भी नया इतिहास रच दिया. इस पारी के बाद उनके नाम 343 रन हो गए, जिससे उन्होंने क्रिस गेल के 342 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. लॉर्ड्स में खेली गई यह शतकीय पारी इसलिए भी खास रही क्योंकि पिछले कुछ दिनों से रोहित शर्मा के वनडे भविष्य और संन्यास को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही थीं.

