
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के दो दिग्गज राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटे उनकी विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं. दोनों ने एज ग्रुप क्रिकेट में शानदार खेल दिखाया है. इसके दम पर अंडर 19 टीम में लगातार जगह बनाने में कामयाब हुए हैं. भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग को अंडर-19 एशिया कप के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है.
एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) की ओर से आयोजित पुरुष अंडर-19 एशिया कप 5 से 14 नवंबर तक ओमान की राजधानी मस्कट में खेला जाएगा. अन्वय और आर्यवीर को हाल ही में खत्म हुई वीनू मांकड़ ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है. दोनों युवा बल्लेबाजों ने अपने खेल से प्रभावित किया और भारतीय टीम में जगह बनाने में सफल रहे.
🚨 News 🚨
India U19 squad for ACC Men’s U19 Asia Cup announced.
More Details 🔽
https://t.co/RPWuCiVGBQ
— BCCI (@BCCI) October 30, 2026
कर्नाटक की ओर से खेलने वाले 17 साल के अन्वय द्रविड़ ने वीनू मांकड़ ट्रॉफी में गुजरात के खिलाफ शानदार पारी खेली थी. उन्होंने महज 100 गेंदों में 151 रन बनाए और अपनी टीम को 300 से ज्यादा रनों का लक्ष्य हासिल करने में अहम भूमिका निभाई. अन्वय इससे पहले भी अपनी बल्लेबाजी का दम दिखा चुके हैं. जुलाई में श्रीलंका के खिलाफ हंबनटोटा में खेले गए यूथ वनडे मुकाबले में उन्होंने 67 गेंदों पर 87 रन की शानदार पारी खेली थी.
दिल्ली के 19 साल के बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग ने भी वीनू मांकड़ ट्रॉफी में प्रभावशाली प्रदर्शन किया. उन्होंने विजयनगरम में चंडीगढ़ के खिलाफ मुकाबले में 143 गेंद पर 173 रन की शानदार पारी खेली. आर्यवीर और अन्वय दोनों ही अपने प्रदर्शन के दम पर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचने में सफल रहे। अब दोनों के पास एशिया कप में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका होगा.
अंडर-19 एशिया कप में भारत का कार्यक्रम
| तारीख | मुकाबला | स्थान |
|---|---|---|
| 6 नवंबर | भारत बनाम नेपाल | मस्कट |
| 8 नवंबर | भारत बनाम पाकिस्तान | मस्कट |
| 10 नवंबर | भारत बनाम UAE | मस्कट |
अंडर-19 एशिया कप में भारतीय टीम की कमान लक्ष्य रायचंदानी को सौंपी गई है. यशवर्धन सिंह चौहान उपकप्तान होंगे. भारत को ग्रुप ए में पाकिस्तान, नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के साथ रखा गया है. ग्रुप बी में बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान और मलेशिया की टीमें शामिल हैं. दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी.
लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, यशवर्धन सिंह चौहान (उपकप्तान), कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), रजत बघेल (विकेटकीपर), वी. यशवीर, आर्यन सावसानी, मोहित उल्वा, काव्या पटेल, शाविन विनोद और ईशान सूद।
