नई दिल्ली. इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से तबाही मचाने वाले ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. इसके साथ ही उनके 14 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत हो गया. मैक्सवेल दुनिया के उन खिलाड़ियों में शामिल रहे, जिन्हें मैदान पर देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचते थे.
मैक्सवेल का संन्यास कई चुनौतियों और लगातार मिल रहे झटकों के बीच आया है। वह पहले ही अलग-अलग कारणों से ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम में अपनी जगह बनाने में नाकाम रहे थे. इसके बाद उन्होंने जून 2025 में वनडे क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया था. भारत के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी का सेमीफाइनल इस फॉर्मेट में उनका आखिरी मुकाबला था. 2026 में उनके टी20 इंटरनेशनल करियर को लेकर भी अनिश्चितता बढ़ गई थी. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अप्रैल में 2026-27 के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से उन्हें बाहर कर दिया था. इसके बाद मई-जून में बांग्लादेश दौरे के लिए घोषित टीम में भी उन्हें जगह नहीं मिली.
Australia star all-rounder calls time on his international career.
More 👇
https://t.co/4345yjODcq
— ICC (@ICC) November 2, 2026
ग्लेन मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए कुल 286 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने 7,226 रन बनाने के साथ 136 विकेट भी हासिल किए। उनके करियर के आंकड़े इस प्रकार हैं:
| फॉर्मेट | मैच | रन |
|---|---|---|
| वनडे इंटरनेशनल | 149 | 3,990 |
| टी20 इंटरनेशनल | 130 | 2,897 |
| टेस्ट क्रिकेट | 7 | 339 |
| कुल | 286 | 7,226 |
मैक्सवेल तीन वर्ल्ड कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा भी रहे. उन्होंने 2015 और 2023 में वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता, जबकि 2021 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम में भी शामिल थे.
मैक्सवेल के करियर की सबसे यादगार पारियों में 2023 वनडे वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान के खिलाफ खेली गई उनकी पारी सबसे खास रही. मुंबई में खेले गए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 292 रनों का लक्ष्य मिला था. एक समय टीम का स्कोर 91 रन पर 7 विकेट था और उसकी हार लगभग तय मानी जा रही थी.

ऐसे मुश्किल हालात में मैक्सवेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मुकाबले का रुख पलट दिया. उन्हें मैदान पर तेज ऐंठन की समस्या भी हुई, जिससे उनके लिए दौड़ना और मूवमेंट करना काफी मुश्किल हो गया था. इसके बावजूद उन्होंने 128 गेंदों में नाबाद 201 रन ठोक दिए. अपनी इस ऐतिहासिक पारी में मैक्सवेल ने 21 चौके और 10 छक्के लगाए. पैट कमिंस ने दूसरे छोर पर उनका साथ दिया. दोनों के बीच नाबाद 202 रनों की साझेदारी हुई और ऑस्ट्रेलिया ने मुकाबला जीत लिया.

