नई दिल्ली. क्रिकेट की दुनिया जल्द ही एक ऐतिहासिक बदलाव देखने जा रही है. नए ‘टेस्ट ट्वेंटी’ (Test Twenty) फॉर्मेट ने ‘पैरिटी रूल’ (Parity Rule) की घोषणा की है. इसके साथ ही यह दुनिया का पहला ऐसा बड़ा क्रिकेट इकोसिस्टम बन गया है. पुरुष और महिला खिलाड़ी एक ही फ्रेंचाइजी के लिए मिलकर एक ही चैंपियनशिप जीतने के लिए खेलेंगे.
इस नए मॉडल में हर फ्रेंचाइजी के पास एक पुरुष टीम और एक महिला टीम होगी. दोनों टीमें अलग-अलग मैच नहीं, बल्कि एक ही फ्रेंचाइजी के लिए समान प्वाइंट्स टेबल, समान मालिक और समान खिताब के लिए खेलेंगी. यानी किसी भी टीम के लिए चैंपियन बनना तभी संभव होगा, जब पुरुष और महिला दोनों टीमों का प्रदर्शन अच्छा रहेगा.
टेस्ट ट्वेंटी को क्रिकेट का चौथा फॉर्मेट कहा जा रहा है. इसमें एक दिन में कुल 80 ओवर खेले जाएंगे, जिन्हें 20-20 ओवर की चार पारियों में बांटा जाएगा. इस अनोखे फॉर्मेट की वजह से पुरुष और महिला टीमों को अलग-अलग पारियां खेलने का मौका मिलेगा. इससे दोनों को बराबर महत्व मिलेगा और खेल का संतुलन भी बना रहेगा.
टेस्ट ट्वेंटी के आयोजकों का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल पुरुष और महिला खिलाड़ियों को एक साथ मैदान पर उतारना नहीं है, बल्कि ऐसा मॉडल तैयार करना है. इसमें दोनों की बराबर भागीदारी और सम्मान सुनिश्चित हो. क्रिकेट में गेंद, बाउंड्री, फिटनेस, तेज गेंदबाजी और चोट के जोखिम जैसे कई तकनीकी कारणों से पुरुष और महिला खिलाड़ियों को एक ही प्लेइंग इलेवन में शामिल करना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है. ऐसे में पैरिटी रूल इन सभी व्यावहारिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है.
80 ओवर का नया ‘टेस्ट ट्वेंटी’ फॉर्मेट, जिसे टेस्ट, वनडे और टी20 के बाद क्रिकेट का चौथा फॉर्मेट माना जा रहा है.
13 से 19 साल के लड़कों और लड़कियों के लिए दुनिया का पहला साझा वैश्विक क्रिकेट प्लेटफॉर्म होगा. दोनों को समान अवसर मिलेंगे. जूनियर टेस्ट ट्वेंटी चैंपियनशिप, जिसमें पारंपरिक क्रिकेट देशों के साथ-साथ उभरते और गैर-पारंपरिक क्रिकेट राष्ट्रों के युवा खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे.
टेस्ट ट्वेंटी का मानना है कि यह मॉडल क्रिकेट में लैंगिक समानता को नए स्तर पर ले जाएगा। पहली बार पुरुष और महिला खिलाड़ी अलग-अलग टीमों में रहते हुए भी एक ही फ्रेंचाइजी की सफलता के बराबर हिस्सेदार होंगे. यदि यह प्रयोग सफल रहता है, तो भविष्य में क्रिकेट के ढांचे में यह सबसे बड़े बदलावों में से एक साबित हो सकता है.

