नई दिल्ली. भारतीय टीम को श्रीलंका दौरे से पहले चोटिल खिलाड़ी की समस्या से जूझना पड़ रहा है. दो ऑलराउंडर के टीम चयन के लिए उपलब्ध ना होने की उम्मीद है. वाशिंगटन सुंदर के बाद नीतीश कुमार रेड्डी को नाम को लेकर भी संशय बना हुआ है. युवा तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी के श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर रहने की संभावना है. उन्होंने क्वाड्रिसेप्स (जांघ की मांसपेशी) की चोट से उबरने के दौरान गेंदबाजी शुरू कर दी है, लेकिन बीसीसीआई उन्हें पूरी तरह फिट होने तक आराम देना चाहता है.
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेली जाने वाली अहम सीरीज से पहले चयनकर्ता थोड़े परेशान हैं. भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज 15 से 27 अगस्त तक गॉल और कोलंबो में खेली जाएगी. इस सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान मंगलवार (28 जुलाई) को किया जाएगा. नीतीश कुमार रेड्डी फिलहाल बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैब कर रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने गेंदबाजी शुरू कर दी है, लेकिन चयनकर्ताओं का मानना है कि श्रीलंका सीरीज उनके लिए अभी जल्दबाजी होगी.
इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई सीरीज के दौरान चोटिल हुए ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर का खेलना मुश्किल लग रहा है. वो अभी घुटने की चोट से उबर रहे हैं. CoE में रिहैब कर रहे हैं. वह फिट नहीं हो पाते हैं तो चयनकर्ता टीम में एक एक्सट्रा ऑफ स्पिनर को शामिल कर सकते हैं. अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की वापसी तय मानी जा रही है. उनको अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एक मात्र टेस्ट से आराम दिया गया था.
अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली सलेक्शन कमेटी की बैठक में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर भी फैसला अहम होगा. यह तय होगा कि बुमराह श्रीलंका दौरे के लिए उपलब्ध होंगे या नहीं. अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने वाले मोहम्मद सिराज के टीम में बने रहने की पूरी संभावना है. इसके अलावा पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज औकिब नबी को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में मौका मिल सकता है.

