Delhi Metro All Stations Reopen: पिछले कई दिनों से जंतर-मंतर पर चल रहे CJP के प्रदर्शन और सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो के कई स्टेशनों को बंद कर दिया गया था। इन स्टेशंस पर एंट्री और एग्जिट बंद कर दी गई थी। हालांकि शनिवार शाम सीजेपी का प्रदर्शन खत्म हो गया और जंतर-मंतर खाली हो गया। इसके बाद दिल्ली मेट्रो ने ऐलान किया कि मेट्रो के सभी स्टेशंस को खोल दिया गया है और एंट्री-एग्जिट सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर डीएमआरसी ने कई प्रमुख स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद रखा था। हालांकि अब DMRC ने यात्रियों के लिए बड़ी राहत देते हुए सभी स्टेशनों पर सामान्य सेवाएं बहाल करने की घोषणा की है।
DMRC का बड़ा अपडेट
डीएमआरसी ने अपने आधिकारिक सर्विस अपडेट में बताया है कि दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशन यात्रियों के लिए पूरी तरह खुले हैं। सभी स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट की सुविधा सामान्य रूप से उपलब्ध है और सभी मेट्रो लाइनों पर सेवाएं नियमित रूप से संचालित हो रही हैं। अब यात्रियों को किसी भी स्टेशन पर प्रवेश या निकास को लेकर किसी प्रकार की पाबंदी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
Service Update
All stations of the Delhi Metro network are open (both entry and exit) for passenger services.
— Delhi Metro Rail Corporation (@OfficialDMRC) July 26, 2026
प्रदर्शन के दौरान कई स्टेशन थे बंद
CJP के प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए राजीव चौक, नई दिल्ली, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, पटेल चौक, जनपथ, बाराखंभा रोड, आईटीओ, सुप्रीम कोर्ट, खान मार्केट और अन्य कई प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई थीं। कुछ स्टेशनों पर केवल इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी, जबकि एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन की सेवाओं पर भी अस्थायी असर पड़ा था। इन प्रतिबंधों के कारण रोजाना सफर करने वाले यात्रियों और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यात्रियों को मिली राहत
सभी स्टेशन खुलने के बाद अब कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों, पर्यटकों और रेलवे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, कनॉट प्लेस और सेंट्रल दिल्ली की ओर जाने वाले लोग अब बिना किसी अतिरिक्त प्रतिबंध के मेट्रो सेवा का उपयोग कर सकेंगे। इससे सड़क यातायात पर दबाव कम होने की भी उम्मीद है। फिलहाल दिल्ली मेट्रो नेटवर्क की सभी लाइनों पर ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। ऐसे में राजधानी में मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को अब चिंता करने की जरूरत नहीं है।

