रक्षा मंत्री बोले- पीओके भारत का अभिन्न अंग है
Kargil Vijay Diwas, (द भारत ख़बर), द्रास: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि भारत पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के अलावा पाकिस्तान के साथ कोई बातचीत नहीं करेगा। द्रास में करगिल युद्ध स्मारक पर करगिल विजय दिवस समारोह को संबोधित करते हुए, सिंह ने कहा कि पड़ोसी देश के साथ भविष्य में कोई भी बातचीत केवल पाक कब्जे वाले कश्मीर के मुद्दे पर होगी, जो पाकिस्तान के अवैध कब्जे के तहत भारत का एक अभिन्न अंग है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले रक्षा मंत्री ने लद्दाख के द्रास स्थित कारगिल वॉर मेमोरियल में शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
आतंक और धमकियों पर नहीं झुकेगा भारत
राजनाथ ने कहा कि भारतीय सेना ने आॅपरेशन सिंदूर के माध्यम से आतंकवादियों और उनके समर्थकों को कड़ा जवाब दिया है कि भारत में किसी भी शत्रुतापूर्ण कृत्य का और भी अधिक बल के साथ जवाब देने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि भारत की संप्रभुता को खतरे में डालने की हर कोशिश का हमारे सशस्त्र बल मुंहतोड़ जवाब देंगे।
पाकिस्तान आज भी आतंकवादियों को सीमा पार भेजने का काम कर रहा
उन्होंने कहा, भारत अंतरिक्ष में सैटेलाइट भेज रहा है तो पाकिस्तान आज भी आतंकवादियों को सीमा पार भेजने का काम कर रहा है। भारत दुनिया को सॉफ्टवेयर दे रहा है तो पाकिस्तान दुनिया को स्लीपर सेल दे रहा है।
भारत डेटा सेंटर बना रहा है तो पाकिस्तान रेडिकल सेंटर
भारत डेटा सेंटर बना रहा है तो पाकिस्तान रेडिकल सेंटर बना रहा है। भारत अक से दुनिया को जोड़ रहा है तो पाकिस्तान हवाला से आतंकवाद जोड़ रहा है। समाज की सीमाओं से ऊपर उठने की क्षमता ही सैनिकों की असली ताकत है और इसी ताकत के दम पर हम कारगिल जैसे युद्ध जीतते हैं।
कारगिल युद्ध करीब 84 दिन तक चला था
5 मई 1999 को पाकिस्तान की घुसपैठ के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच कारगिल की पहाड़ी चोटियों पर जंग हुई थी। युद्ध करीब 84 दिनों तक चला। 26 जुलाई 1999 को भारत की जीत के साथ युद्ध आधिकारिक तौर पर खत्म हुआ। इसमें भारतीय सैनिकों के बलिदान और वीरता को याद करते हुए हर साल 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है।

