नई दिल्ली. भारत के लिए ओलंपिक गोल्ड जीतने वाले चैंपियन एथलीट नीरज चोपड़ा की नजर अब कॉमनवेल्थ में देश को मेडल दिलाने पर है. भारत के स्टार गुरुवार (30 जुलाई) को पुरुषों के जेवलिन थ्रो मुकाबले में उतरेंगे. स्कॉटलैंड के स्कॉटस्टाउन स्टेडियम में होने वाली इस प्रतियोगिता में नीरज की नजरें अपने दूसरे कॉमनवेल्थ गेम्स गोल्ड पर होंगी. सबकी नजर पेरिस ओलंपिक में गोल्ड जीतने वाले पाकिस्तान के अरशद नदीम और नीरज के बीच टक्कर पर ही होगी.
नीरज ने 2018 गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था. 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में चोट के कारण वह हिस्सा नहीं ले सके थे. भारत की ओर से नीरज चोपड़ा के अलावा रोहित यादव और यश वीर सिंह भी पुरुषों की जेवलिन थ्रो स्पर्धा में हिस्सा लेंगे. तीनों भारतीय खिलाड़ी पदक जीतने की कोशिश करेंगे.

नीरज चोपड़ा के लिए इस बार स्वर्ण पदक की राह आसान नहीं होगी. पाकिस्तान के मौजूदा कॉमनवेल्थ चैंपियन अरशद नदीम होंगे. श्रीलंका के रुमेश थरंगा पाथिरागे, ग्रेनाडा के दो बार के विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स और त्रिनिदाद एवं टोबैगो के अनुभवी खिलाड़ी केशॉर्न वॉलकॉट उन्हें कड़ी टक्कर देंगे. एक बार फिर नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम के बीच भारत-पाकिस्तान की बहुचर्चित प्रतिद्वंद्विता देखने को मिलेगी. इस सीजन दोनों खिलाड़ियों ने सीमित प्रतियोगिताओं में ही हिस्सा लिया है.
इस बार सबसे बड़ा खतरा श्रीलंका के रुमेश थरंगा पाथिरागे से माना जा रहा है. उन्होंने इस सीजन 92.62 मीटर का विश्व का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया है और उनके नाम इस साल दुनिया के चार सर्वश्रेष्ठ थ्रो दर्ज हैं. ऐसे में वह स्वर्ण पदक के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं.
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं. नीरज चोपड़ा के जेवलिन थ्रो के क्वालिफाइंग और फाइनल मुकाबलों का सीधा प्रसारण सोनी के चैनल पर अलग अलग भाषा में देख सकते हैं. अपनी पसंदीदा भाषा के लिए Sony Sports Ten 2, Sony Sports Ten 2 HD, Sony Sports Ten 3 (हिंदी), Sony Sports Ten 3 HD और Sony Sports Ten 4 (तमिल, तेलुगु और कन्नड़) चैनलों पर जा सकते हैं. भारतीय दर्शक इन मुकाबलों का लाइव मजा सोनी लिव एप पर भी ले सकते हैं.

