नई दिल्ली. जिम्बाब्वे में खेली गई टी20 सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन करने का इनाम वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन को मिला है. दलीप ट्रॉफी 2026-27 से पहले दोनों को बड़ी जिम्मेदारी मिली है. चयनकर्ताओं ने महज 15 साल की उम्र में बिहार के इस युवा बल्लेबाज को ईस्ट जोन टीम का उपकप्तान बनाने का फैसला लिया. टीम की कमान विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन के हाथों में होगी. टीम इंडिया से बाहर चल रहे अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी भी इस टीम का हिस्सा हैं.
बुधवार को जब बीसीसीआई ने जब दलिप ट्रॉफी के लिए टीम का ऐलान किया तो सबसे ज्यादा चर्चा वैभव सूर्यवंशी की हुई. बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज ने अपनी बेखौफ बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा है. अब नेतृत्व की जिम्मेदारी देकर चयनकर्ताओं ने उनके खेल के साथ-साथ उनकी परिपक्वता पर भी भरोसा जताया है. ईशान किशन को कप्तानी दी गई है लेकिन उनके मैदान पर ना होने पर यह जिम्मेदारी वैभव उठाएंगे.

वैभव ने इसी महीने इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में दूसरे टी20 मुकाबले से भारत के लिए डेब्यू किया था. इस दौरे पर अपनी छाप नहीं छोड़ पाए. महज तीन मैच के बाद उनको प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया. इंग्लैंड के निराशाजनक दौरे के बाद जिम्बाब्वे में वैभव ने जोरदार वापसी की. दो अर्धशतकीय पारी खेली और आखिरी मुकाबले में 49 गेंद में 81 रन की पारी खेल प्लेयर ऑफ द मैच बने. 3 मैचों में 50.33 की औसत से 151 रन बनाए प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुने गए.
टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे ईशान किशन इस टूर्नामेंट से बतौर कप्तान भी अपनी दावेदारी पेश करना चाहेंगे. ईस्ट जोन टीम में अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की वापसी पर सबकी नजर होगी. उनको श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली है. दलीप ट्रॉफी उनके लिए चयनकर्ताओं को प्रभावित करने का मौका होगा. शमी के अलावा तेज गेंदबाजी आक्रमण में मुकेश कुमार और सूरज सिंधु जायसवाल भी शामिल हैं.

टीम के बल्लेबाजी क्रम में बंगाल के अनुभवी सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन शामिल हैं. उनके अलावा कुमार कुशाग्र, अनुकूल रॉय, विराट सिंह, शिखर मोहन, शुभ्रांशु सेनापति और दिनेश दास जैसे खिलाड़ी टीम को मजबूती देंगे.
ईशान किशन (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी (उपकप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन, सुदीप कुमार घरामी, शाहबाज अहमद, सूरज सिंधु जायसवाल, मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, कुमार कुशाग्र, शिखर मोहन, अनुकूल रॉय, विराट सिंह, शुभ्रांशु सेनापति, दिनेश दास और अभिजीत सरकार।
स्टैंडबाय खिलाड़ी: आयुष लोहारुका, श्रीदाम पॉल, सम्बित एस. बराल, शरनदीप सिंह और स्वास्तिक सामल।

