नई दिल्ली. न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज के दौरान विवादों में फंसे बेन स्टोक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया. अचानक उनके संन्यास लेने के बाद से ही उनकी वापसी के कयास लगाए जा रहे हैं. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान की वापसी की चर्चाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. अब ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने इसे लेकर बड़ा बयान दिया है. उनका कहना है कि अगले एशेज से पहले स्टोक्स को संन्यास से वापस ले सकते हैं.
मैकडोनाल्ड का मानना है कि स्टोक्स के पास अभी भी काफी क्रिकेट बाकी है. अगर वह एशेज के लिए वापसी करते हैं तो यह सीरीज और भी रोमांचक बन जाएगी. उन्होंने SEN रेडियो से बातचीत में कहा, “अगर कोई परीकथा जैसी वापसी हो सकती है, तो वह यही होगी. बेन स्टोक्स संन्यास से लौटें और एक आखिरी एशेज खेलें. इससे सीरीज को जबरदस्त चर्चा मिलेगी. मुझे लगता है कि उनके अंदर अभी भी काफी अच्छा क्रिकेट बाकी है.”
बेन स्टोक्स के संन्यास के साथ ही इंग्लैंड के टेस्ट कोच ब्रेंडन मैकुलम का कार्यकाल भी खत्म हो गया. न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेंमिंग को उनकी जगह टेस्ट टीम का नया कोच बनाया गया है. मैकडोनाल्ड का मानना है कि इंग्लैंड के नए कोच स्टोक्स से बातचीत कर उन्हें वापसी के लिए मना सकता है. उन्होंने कहा, “हमें नहीं पता कि स्टोक्स ने संन्यास क्यों लिया. हो सकता है कि उन्होंने हमेशा के लिए टेस्ट क्रिकेट छोड़ दिया हो, लेकिन यह भी संभव है कि नया कोच उनसे बात करे और उन्हें वापस आने के लिए तैयार कर ले.”
बेन स्टोक्स पहले भी वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद 2023 विश्व कप के लिए वापसी कर चुके हैं. इतना ही नहीं, उन्होंने 2023 एशेज से पहले मोईन अली को भी टेस्ट क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार किया था. ऐसे में क्रिकेट जगत को उम्मीद है कि स्टोक्स खुद भी भविष्य में वापसी कर सकते हैं. स्टोक्स और मैकुलम के जाने के बाद इंग्लैंड की नई शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज से होगी. इसके बाद 2027 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बहुप्रतीक्षित एशेज सीरीज खेली जाएगी.

