नई दिल्ली. श्रीलंका दौरे से पहले भारतीय टीम के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है. आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेली जाने वाली दो मैचों की सीरीज के लिए अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पूरी तरह से फिट हैं. उन्होंने बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई)में फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है. श्रीलंका के खिलाफ टीम इंडिया को 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज में खेलना है.
चयनकर्ताओं ने श्रीलंका दौरे के लिए जो टीम चुनी थी उसमें जसप्रीत बुमराह का नाम फिटनेस साबित करने की शर्त पर शामिल किया था. उनको इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के दूसरे वनडे के दौरान घुटने में चोट लगी थी. अगले महीने से शुरू हो रही इस टेस्ट सीरीज में अभी दो सप्ताह से भी ज्यादा का समय है. टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचने के लिए इस सीरीज को भारत के लिए अहम माना जा रहा है.

एक वरिष्ठ बीसीसीआई अधिकारी ने पीटीआई से बात करते हुए कहा, “जसप्रीत बुमराह को जो चोट लगी थी अब वो उससे पूरी तरह से उबर चुके हैं. उन्होंने सीओई की तरफ से रखे गए फिटनेस टेस्ट को पास कर लिया है. अब टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि वह दोनों मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में शामिल होने के लिए उपलब्ध होंगे.”
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम को 7 अगस्त से कोलंबो में चार दिन के प्रैक्टिस मैच में खेलना है. ये बात अभी तय नहीं है कि जसप्रीत बुमराह इस मुकाबले में खेलते नजर आएंगे या नहीं. 32 साल के तेज गेंदबाज ने नवंबर 2025 के बाद से कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है. चयनकर्ताओं ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में भी उनको आराम दिया था.
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (कप्तान), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (कप्तान), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन।

