
नई दिल्ली. टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने पूर्व भारतीय गेंदबाज आर अश्विन से माफी मांगी है. इसे उन्होंने किसी गलती के लिए नहीं बल्कि टॉप गेंदबाजों की अपनी लिस्ट की वजह से मांगी है.अर्शदीप सिंह ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अपनी पसंद के टॉप-5 गेंदबाजों का नाम बताया. इसमें अश्विन का नाम सबसे आखिर में लिया और इसके लिए सॉरी भी बोला. लोग इसको लेकर अब ऐसी भी बातें कर रहे हैं कि अर्शदीप सिंह ने जसप्रीत बुमराह का नाम टॉप 5 में क्यों नहीं लिया. तो आपको बता दें कि उनका नाम लिस्ट में शामिल ही नहीं था.
कृष्णांक अत्रेय के साथ किए गए इंटरव्यू में अर्शदीप सिंह अपने फेवरेट बॉलर के तौर पर भुवनेश्वर कुमार को चुना. उनके सामने 5 गेंदबाजों के नाम दिए गए थे जिसे अपने पसंद से हिसाब से नंबर एक से पांच तक सजाना था. लिस्ट में कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल और मोहम्मद शमी का नाम था. अश्विन को उन्होंने पांचवें स्थान पर रखने के बाद मजाकिया अंदाज में माफी भी मांगी.

अर्शदीप सिंह ने अपने टॉप 5 गेंदबाजों की लिस्ट के बारे में बताते हुए भुवनेश्वर कुमार को नंबर-1 पर रखा. कृष्णांक अत्रेय के यूट्यूब चैनल पर बातचीत में अर्शदीप ने कहा, “भुवी भाई मेरे सबसे पसंदीदा गेंदबाज हैं, इसलिए मैंने उन्हें पहले नंबर पर रखा है. मैं थोड़ा पक्षपाती भी हूं क्योंकि मुझे उनकी गेंदबाजी बहुत पसंद है.”
उन्होंने दूसरे स्थान पर मोहम्मद शमी और इसके पीछे की वजह भी बताई, अर्शदीप ने कहा, “आपको तो ये बात पता ही होगा कि शमी भाई किसी भी विकेट पर गेंद को सीम करा सकते हैं. उनकी सीम पोजिशन और गेंदबाजी शानदार है.”

मैं तीसरे नंबर पर कुलदीप भाई को रखना चाहूंगा, उनके पास जो कला है वो बहुत ही कम देखने को मिलती है , लेफ्ट-आर्म चिनामैन गेंदबाज बहुत कम देखने को मिलते हैं.”
चौथे स्थान पर उन्होंने युजवेंद्र चहल को रखा, “युजी भाई पंजाब टीम में मेरे साथी हैं. उनका रिकॉर्ड शानदार है और उन्होंने अपने करियर में ढेरों विकेट लिए हैं.”
अर्शदीप सिंह ने सबसे आखिरी में अश्विन का नाम लिया. उन्होंने कहा,”मैं अश्विन भाई को आखिरी स्थान नहीं देना चाहता था, लेकिन अब कोई जगह बची ही नहीं थी. वह महान गेंदबाज हैं. पंजाब किंग्स में वह मेरे पहले कप्तान भी थे. सॉरी अश्विन भाई… मैं उन्हें व्यक्तिगत रूप से मैसेज करूंगा.”
