करनाल. हरियाणा में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं. करनाल में बीती शाम को बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने बीरू बाल्मीकि नाम के युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलते ही सीआईए और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुँची और अब मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार, बीरू नाम के युवक की अज्ञात हमलावरों में शराब के ठेके के नजदीक गोली मार दी. घायल अवस्था में उसके साथी उसे अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां पर उसकी मौत हो गई. डीएसपी संदीप ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना प्राप्त हुई थी. परिवार वालों ने कुछ लोगों पर शक जाहिर किया है और सीआईए की टीमें उनकी तलाश में लगा दी गई है. परिवार के लोग जो भी बयान देंगे, उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा,
डीएसपी ने कहा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा मृतक युवक को कितनी गोलियां लगी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की सीसीटीवी फुटेज पुलिस खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा. युवक के सिर पर गोली मारी गई थी. फिलहाल, पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर कहासुनी के बाद रंजिश में मर्डर किया गया है. बदमाशों को पकड़ने के लिए सीआईए की 5 टीमें गठित की गई हैं.
विधायक ने परिवार से की अपील
गुरुवार को स्थानीय भाजपा विधायक जगमोहन आनंद, परिवार औऱ समाज के लोग पोस्टमार्टम हाऊस में पहुँचे. विधायक जगमोहन आनंद ने मामले पर कहा कि हमारे साथ ये समाज दिन रात खड़ा हुआ है और हम इनके साथ हैं. विधायक ने कहा कि मैंने भी परिवार से अपील की है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाए और समाज के लोगो ने भी बात को माना है. पुलिस कप्तान ने समाज और मुझे आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी होगी.
