Namo Yamuna River Safari News: दिल्लीवासियों को अब यमुना नदी के बीचों-बीच सैर करने का मौका मिलने जा रहा है। राजधानी में पहली बार शुरू हो रही ‘नमो यमुना रिवर सफारी’ का उद्घाटन आज यानी 10 नवंबर को सोनिया विहार में होगा। केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में इस सेवा की शुरुआत करेंगे। इस फेरी सेवा के जरिए लोग यमुना के प्राकृतिक नजारों का आनंद ले सकेंगे। करीब 40 मिनट की यात्रा के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये किराया रखा गया है।
सोनिया विहार से जगतपुर तक फेरी
नमो यमुना रिवर सफारी के तहत फेरी सेवा दिल्ली के सोनिया विहार से जगतपुर गांव स्थित शनि मंदिर घाट तक संचालित होगी। इस परियोजना का संचालन अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) की अगुवाई में किया जा रहा है। यात्रा में फेरी सोनिया विहार से जगतपुर तक जाएगी और फिर वापस अपने शुरुआती स्थान पर लौटेगी। एक तरफ का जलमार्ग करीब 5 से 6 किलोमीटर का है, जबकि आने-जाने की पूरी यात्रा लगभग 10 से 12 किलोमीटर तक होगी। इस सफर को पूरा करने में करीब 35 से 45 मिनट लगने का अनुमान है। सरकार का उद्देश्य यमुना को दिल्ली में पर्यटन और मनोरंजन के नए केंद्र के रूप में विकसित करना है।
एक बार में 30 यात्री कर सकेंगे सफर
रिवर सफारी के लिए इस्तेमाल होने वाली फेरी में एक बार में अधिकतम 30 यात्री सफर कर सकेंगे। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसमें कई इंतजाम किए गए हैं। फेरी पूरी तरह एसी होगी, यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट उपलब्ध रहेंगी, सुरक्षा के लिए पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम होगा, नाव में बैठकर और ऊपर से खड़े होकर यमुना के नजारे देखने की सुविधा होगी। फेरी को इलेक्ट्रिक पावर से संचालित किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
500 का टिकट, 50 में घूम सकेंगे परिसर
नमो यमुना रिवर सफारी में सफर करने के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये का टिकट निर्धारित किया गया है। वहीं, जो लोग फेरी में सफर नहीं करना चाहते, लेकिन यमुना किनारे विकसित किए जा रहे परिसर में घूमना चाहते हैं, उनके लिए 50 रुपये का एंट्री टिकट रखा गया है। परिसर में पर्यटकों के लिए फूड कियोस्क, रेस्टोरेंट और बच्चों के मनोरंजन के लिए किड्स जोन जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे लोगों को बेहतर अनुभव देने की तैयारी है।
ट्रायल रन पूरा, यमुना पर्यटन को बढ़ावा
रिवर सफारी शुरू करने से पहले अक्टूबर में इसका ट्रायल रन किया गया था। 26 अक्टूबर को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा और अधिकारियों के साथ फेरी में सफर कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। यमुना को राष्ट्रीय जलमार्ग-110 के रूप में अधिसूचित किया गया है। इस परियोजना के जरिए नदी आधारित पर्यटन और मनोरंजक जल परिवहन को बढ़ावा देने की योजना है। दिल्ली सरकार की यह पहल राजधानी में पर्यटन के नए विकल्प विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

