क्रेडिट कार्ड का बिल पूरा न भरने पर लगाए गए शुल्क को लेकर एक अनोखा मामला सामने आया है। देश के निजी क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक HDFC बैंक ने अपने एक ग्राहक पर 1,200 रुपये से ज्यादा का जुर्माना सिर्फ इसलिए लगा दिया क्योंकि ग्राहक ने 46 पैसे कम पेमेंट किया था।
ग्राहक बीजेपी नेता समीर कागलकर का कहना है कि बैंक ने 10,649.46 का क्रेडिट कार्ड बिल भेजा था, लेकिन उन्होंने गलती से 10,649 यानी 46 पैसे कम जमा किए। इसके बाद, उनके मुताबिक बैंक ने करीब 1,200 से ज्यादा लेट पेमेंट फीस और दूसरे शुल्क लगा दिए हैं।
बीजेपी नेता ने शुल्क वापसी की मांग की
कागलकर ने X पर किए गए एक पोस्ट में कहा, ”आपने मुझे 10,649.46 रुपये का बिल भेजा था, लेकिन मैंने 10,649 रुपये का भुगतान किया। गलती से मैं 46 पैसे का भुगतान नहीं कर पाया। इसके बाद, आपने 46 पैसे कम भुगतान करने के एवज में मुझपर 1,200 रुपये लेट पेमेंट चार्ज और कई अन्य शुल्क लगा दिए।” उन्होंने कहा, ”आपके कस्टर केयर के लोगों ने मेरे अनुरोध को नजरअंदाज किया और उनका रवैया भी सही नहीं था। क्या आप इस रकम को जल्द से जल्द रिवर्स कर सकते हैं?” हालांकि, कागलकर के पोस्ट पर HDFC ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
Dear HDFC Bank. @HDFC_Bank
You sent me a credit card bill for INR 10,649 – 46 (paise)
By error – I paid INR 10,649/-00 (missing out 46 paise)And you have slapped me with over INR 1200/- late payment charges etc for miss of 46 PAISE??
And your customer service people are as…
— Dr Samir Kagalkar (@SamirKagalkar) August 18, 2026
पूरा बिल चुकाना क्यों है जरूरी?
क्रेडिट कार्ड का पूरा बिल समय पर चुकाना जरूरी है, क्योंकि ऐसा न करने पर बैंकों द्वारा 36% से लेकर 48% या उससे अधिक तक की सालाना भारी ब्याज दर (APR) वसूली जाती है, जिससे छोटा सा बकाया भी बहुत बड़े कर्ज के जाल में बदल सकता है।
बिल भरते समय किन बातों का ध्यान रखें?
क्रेडिट कार्ड का बिल भरते समय हमेशा पूरा भुगतान करें। नियत तारीख से पहले भुगतान करें, न्यूनतम देय राशि के चक्कर से बचें और बिलिंग स्टेटमेंट में दिए गए सभी लेन-देन की अच्छी तरह जांच कर लें, ताकि किसी भी तरह की गलत कटौती से बचा जा सके।

