नई दिल्ली. क्रिकेट को दुनिया के कोने कोने तक पहुंचाने की कोशिश इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल करता है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड भी इसमें बढ़ चढ़कर भागेदारी दे रहा है. भारत में पहले ही दुनिया का सबसे उंचाई पर बना क्रिकेट स्टेडियम मौजूद है. हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में बना क्रिकेट का मैदान हर किसी के लिए अजूबा है. अब क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की तैयारी हो रही है. जानकारी के मुताबिक दुनिया के सबसे खूबसूरत जगहों में से एक लद्दाख के लेह में स्टेडियम बनाए जाने की योजना है.
आपको बता दें कि लद्दाख का तापमान रात को सर्दियों के दिनों में माइनस 15 से 20 डिग्री तक चला जाता है. लोग इस जगह पर अब तक पहाड़ और बर्फ का मजा उठाने के लिए जाते थे लेकिन क्रिकेट स्टेडियम बन जाने से इस जगह में एक आयाम जुड़ जाएगा.लद्दाख के लेह में समुद्र तल से करीब 11,800 फीट (3,600 मीटर) की ऊंचाई पर एक बड़े क्रिकेट स्टेडियम बनाए जाने के लिए प्रस्ताव दिया गया है. अगर इस परियोजना को मंजूरी मिल जाती है तो रणबीरपुर क्रिकेट स्टेडियम दुनिया के सबसे अधिक ऊंचाई वाले क्रिकेट स्टेडियमों में शामिल हो जाएगा.
भारत में पहले ही क्षमता के हिसाब से दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम मौजूद है. लेह में बनाए जाने वाले स्टेडियम की बात करें तो थिक्से/रणबीरपुर क्षेत्र में इसे बनाया जाना है. लद्दाख के लेह शहर से करीब 19-20 किलोमीटर दूर है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक स्टेडियम में लगभग 40000 दर्शकों के बैठने की क्षमता प्रस्तावित की गई है. अगर इस स्टेडियम को बनाने में आने वाले खर्च की बात करें तो परियोजना की अनुमानित लागत करीब 100 से 116 करोड़ रुपये बताई जा रही है.

