NDMC Chairperson Manoj Dwivedi: देश की राजधानी दिल्ली में हालिया मूसलाधार बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. इस बीच नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के चेयरपर्सन मनोज द्विवेदी ने जलभराव को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगकर प्रशासनिक स्तर पर एक अहम कदम उठाया है. उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट शेयर कर प्रभावित नागरिकों से खेद जताया.
जलभराव पर पहली बार सार्वजनिक माफी
मनोज द्विवेदी का यह कदम इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि दिल्ली के प्रशासनिक इतिहास में यह पहला मौका बताया जा रहा है, जब इतने वरिष्ठ अधिकारी ने जलभराव के कारण आम लोगों को हुई असुविधा की सार्वजनिक रूप से जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए माफी मांगी है.
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “25 अगस्त 2026 को जलभराव के कारण एनडीएमसी क्षेत्र में जिन लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा, मैं उन सभी से तहे दिल से माफी मांगता हूं. आमतौर पर हम 15 से 20 मिनट के भीतर पानी निकाल देते हैं, लेकिन हमारे सर्वोत्तम प्रयासों के बावजूद कम से कम 3-4 इलाकों में पानी पूरी तरह से निकलने में एक घंटे से अधिक का समय लग गया.”
दो घंटे से कम समय में 72 मिमी से ज्यादा बारिश
चेयरपर्सन ने बताया कि दो घंटे से भी कम अवधि में 72 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य परिस्थितियों की तुलना में बेहद अप्रत्याशित थी. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि असामान्य बारिश को प्रशासन की कमियों का बहाना नहीं बनाया जा सकता. उन्होंने कहा, “यह कोई बहाना नहीं हो सकता और हमें भविष्य में ऐसी स्थितियों से निपटने के लिए अपने सिस्टम को और मजबूत करना होगा.”
जलभराव मुक्त NDMC के लिए बनेगा प्लान
मनोज द्विवेदी ने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि पूरे NDMC क्षेत्र को जलभराव से मुक्त करने के लिए अल्पकालिक और दीर्घकालिक स्तर पर कई उपाय किए जाएंगे. प्रशासन भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए व्यवस्था को मजबूत करने पर काम करेगा.
उन्होंने नागरिकों से सुधार के लिए सुझाव भी मांगे. सार्वजनिक रूप से जिम्मेदारी स्वीकार करने और व्यवस्था में सुधार की प्रतिबद्धता जताने के इस कदम की सोशल मीडिया पर कई लोगों ने सराहना की है.

