
नई दिल्ली. महिला कॉन्टिनेंटल कप 2026 में कुछ ऐसा हुआ जो क्रिकेट इतिहास में कम ही देखने को मिलता है. महज 82 गेंद में पूरा मैच खत्म हो गया. तुर्की की टीम ने ऑस्ट्रिया को कॉन्टिनेंटल कप के मुकाबले में बुरी तरह से रौंद कर रख दिया. एक दिन पहले जिस टीम ने ग्वेर्नसे के खिलाफ 85 रन की बड़ी जीत दर्ज की थी वो सिर्फ 35 रन पर ऑलआउट हो गई. टीम के 7 बैटर अपना खाता भी नहीं खोल पाए.
ऑस्ट्रिया और तुर्की के बीच खेला गए कॉन्टिनेंटल कप के मैच में बारिश ने खलल डाली और इसे 10-10 ओवर का कर दिया गया. तुर्की ने अपनी कातिलाना गेंदबाजी के दम पर पूरी ऑस्ट्रिया की टीम को महज 8.1 ओवर में 35 रन के स्कोर पर ढेर कर दिया. जीत के लिए मिले छोटे से इस लक्ष्य को तुर्की ने 33 बॉल में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया.
बारिश से बाधित मुकाबले में तुर्की की कप्तान कुब्रा कनावरसी ने टॉस जीता और गेंदबाजी की मददगार कंडीशन में पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया.ऑस्ट्रिया की कप्तान प्रिया साबू बिना खाता खोले ही वापस लौट गईं. इसके बाद ऐसा लगा कि मैदान से वापस लौटने की होड़ लग गई.तुर्की के बॉलर्स की कसी हुई गेंदबाजी के आगे धड़ाधड़ विकेट गिरने लगे. सबसे शर्म की बात यह रही कि ऑस्ट्रिया की टीम का कोई भी बैटर 10 रन के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाया. तुर्की के लिए हेसर सेलिक 12 बॉल डालकर चार विकेट चटकाए. ऑस्ट्रिया की टीम अपने टी20 इंटरनेशनल के सबसे छोटे स्कोर 35 रन पर सिमट गई.
ऑस्ट्रिया की टीम 36 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा उतरी और कप्तान कनावरसी का विकेट गंवा दिया. उन्होंने चार बॉल खेला लेकिन खाता खोलने में नाकाम रही. इसके बाद सुजान तुरान का विकेट टीम ने गंवाया.जेहरा एंडर और मेलिके बायराम ने टीम को जीत तक पहुंचाया.
कॉन्टिनेंटल कप की अंक तालिका पर नजर डालें तो इस जीत के साथ तुर्की की टीम ग्रुप A में टॉप पर पहुंच गई. ऑस्ट्रिया दूसरे नंबर पर है. इस टूर्नामेंट में दोनों ग्रुप ए और ग्रुप बी की टॉप टीमें फाइनल में पहुंचेंगी. 30 अगस्त को फाइनल खेला जाना है. इसी दिन तीसरे स्थान के लिए प्लेऑफ मुकाबला भी होगा.
