
मंत्रियों के पोस्ट में औसतन 48 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई
Ministers Social Media Activity, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 जुलाई 2026 को कैबिनेट बैठक में मंत्रियों से इंस्टाग्राम पर ज्यादा सक्रिय होने, रील बनाने व युवाओं से संवाद करने को कहा था। महज एक महीने के अंदर इस अपील का असर दिखने लगा है। 24 अगस्त तक 29 में से 28 यानी 97 प्रतिशत कैबिनेट मंत्रियों की इंस्टाग्राम एक्टिविटी में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
जदयू के राजीव रंजन सिंह को छोड़कर बाकी सभी मंत्री सोशल मीडिया पर पहले से कहीं ज्यादा एक्टिव हो गए हैं। मोदी कैबिनेट में सबसे ज्यादा फॉलोअर्स गृह मंत्री शाह के बढ़े हैं। पिछले 1 महीने में उनके 8.53 लाख फॉलोअर्स बढ़े हैं।
अन्य मंत्रियों के आंकड़े इस प्रकार हैं
धर्मेंद्र प्रधान के फॉलोअर्स 2.43 लाख, प्रह्लाद जोशी के 1.26 लाख, सीआर पाटिल के 2.57 लाख और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के फॉलोअर्स में भी अच्छी खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कुछ मंत्रियों के फॉलोअर्स 8.53 लाख और 2.95 लाख के आसपास पहुंच गए हैं।
जेन-जी तक पहुंच बनाने पर किया फोकस
इस समय में मंत्रियों ने कुल 1179 पोस्ट किए। मंत्रियों के पोस्ट में औसतन 48 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। युवा वर्ग, खासकर जेन-जी तक पहुंच बनाने के लिए रील्स पर खास जोर दिया जा रहा है। शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने नीतियों और अहम मुद्दों को रील्स के जरिए आसान भाषा में समझाने पर फोकस किया है। इसके साथ ही जटिल नीतियों को रोचक और संक्षिप्त रील्स के जरिए समझाने की कोशिशें तेज हुई हैं।
पीएम ने भी संभाला मोर्चा
नीट पेपर लीक पर जंतर-मंतर पर हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच पीएम मोदी ने कई बार सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया था। इन वीडियो में उन्होंने जेन-जी को पेपर लीक के मुद्दे पर संबोधित किया था। एक वीडियो में पीएम ने उन स्टूडेंट्स को माफ करने की भी बात कही थी जिन्होंने प्रदर्शन के दौरान उन्हें गाली दी थी।
छात्रों संवाद के लिए रोज एक यूनिवर्सिटी में एक केंद्रीय मंत्री भेजने की योजना
मोदी सरकार युवाओं से जुड़ने के लिए रोज एक यूनिवर्सिटी में एक केंद्रीय मंत्री भेजने की योजना बना रही है। मंत्री छात्रों से उनकी चिंताओं पर बात करेंगे और देश से जुड़े मुद्दों पर उनका नजरिया समझेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी और युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया को यूनिवर्सिटी और दौरे पर जाने वाले मंत्रियों के साथ तालमेल की जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि, मंत्रियों के यूनिवर्सिटी दौरे का पूरा कार्यक्रम अभी सामने नहीं आया है।
ये भी पढ़ें: भारत खरीदेगा यूएस की घातक Javelin मिसाइल ! अमेरिकी राजदूत ने दिया बड़ा अपडेट
