
हाईकोर्ट ने महाराष्ट्र फूड डिपार्टमेंट के काम करने के तरीके पर भी उठाए सवाल
Bombay HC, (द भारत ख़बर), मुंबई: मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) के खिलाफ दायर याचिका पर शनिवार को हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। याचिका पर सुनवाई करते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट ने एफडीए के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। हाईकोर्ट ने कहा, अधिकारी न तो हमारा आदेश समझते हैं, न ही एक्ट। वे अपने नियम तक नहीं पढ़ते। न ही कानून जानते बस कार्रवाई कर देते हैं। हाईकोर्ट ने महाराष्ट्र के फूड डिपार्टमेंट के काम करने के तरीके पर भी सवाल उठाए।
हाईकोर्ट ने रेस्टोरेंट को दोबारा खोलने की अनुमति दी
दरअसल एफडीए ने 21 अगस्त को शुरूआती जांच के बाद क्लब के पांच आउटलेट के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए थे। अब हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने नई रिपोर्ट के आधार पर पांचों रेस्टोरेंट को दोबारा खोलने की अनुमति दी। रिपोर्ट में सामने आया कि ये रेस्टोरेंट अब फूड सेफ्टी नियमों के 88% मानकों का पालन कर रहे हैं।
प्रशासनिक कार्रवाई अनुपातिक और उचित होनी चाहिए
सुनवाई के दौरान हाईकार्ट ने कहा, खाद्य स्वच्छता सुनिश्चित करना जरूरी है, लेकिन प्रशासनिक कार्रवाई अनुपातिक और उचित होनी चाहिए। प्रतिष्ठानों को सुधार और नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना होना चाहिए न कि तुरंत बंद करना। अधिकारी ने नौसिखिए की तरह काम किया और उचित कारण बताए बिना आदेश जारी कर दिए। कोर्ट ने यह भी कहा कि अधिकारी ने फूड सेफ्टी के तहत जरूरी कानूनी विश्लेषण नहीं किया।
रेस्टोरेंट की अपनी वेबसाइट होनी चाहिए
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने एफडीए को एक नीति पर विचार करने का सुझाव भी दिया। कोर्ट ने कहा कि बड़े रेस्टोरेंट की अपनी वेबसाइट होनी चाहिए, जहां लोग हाइजीन, खाने और स्वाद को लेकर अपनी राय साझा कर सकें।
कमिश्नर तुकाराम मुंढे के पद संभालने के बाद चर्चा में आया एफडीए
- 3 महीने के भीतर 165 लाइसेंस किए सस्पेंड: महाराष्ट्र का फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन यानी एफडीए पिछले कुछ महीनों से चर्चा में है। इसकी वजह नए एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंढे हैं। जिन्होंने पद संभालने के 3 महीने के भीतर 1100 से ज्यादा छापे मारे और 165 लाइसेंस सस्पेंड किए। पूरे प्रदेश में नकली पनीर पर बैन लगाया। हाईकोर्ट की अपनी कैंटीन तक नहीं बख्शी।
- बॉलीवुड के बड़े सितारों को विमल ऐड के लिए नोटिस जारी: अब सीधे बॉलीवुड के तीन बड़े सितारों शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को विमल के ऐड के लिए नोटिस जारी किया है। सोशल मीडिया पर इन्हें रियल लाइफ सिंघम का टैग दिया जा रहा है।
