नई दिल्ली. मानसून का कहर अभी कुछ दिन और देशभर में देखने को मिलेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार के लिए कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. आज ओडिशा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और पश्चिम बंगाल में भी भारी बारिश होने की संभावना है.बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में रविवार को बारिश का कहर देखने को मिल सकता है. वहीं पूर्वी, मध्य और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका जताई जा रही है.
IMD की तरफ से जारी अलर्ट में आज दिन भर बारिश होने का पूर्वानुमान जताया जा रहा है. रविवार को ओडिशा में बारिश का असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा. देख के कई राज्यों के कुछ स्थानों पर बारिश की वजह से आज का दिन लोगों के लिए मुश्किल लेकर आ सकता है. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड में खराब मौसम रहने का अनुमान है. ऐसे में इन इलाकों में रहने वाले लोगों को खास तौर पर सावधान रहने की चेतावनी दी गई.
बात देश की राजधानी की करें तो बारिश के बीच दिल्ली-NCR में रविवार को येलो अलर्ट जारी किया गया है. उम्मीद है कि उमस और गर्म हवाओं से लोगों को बारिश की वजह से राहत मिलेगी.
उत्तर भारत खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है. उत्तराखंड में रविवार को भारी बारिश की संभावना है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी मौसम खुशनुमा बना रहेगा. यहां पर कई इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है. वहीं बात हिमाचल प्रदेश की करें तो यहां पर अभी फिलहाल बारिश का दौर जारी रहेगा. 31 अगस्त से 4 सितंबर के बीच राज्य में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
मानसून अभी अगले कुछ दिनों तक मध्य भारत में सक्रिय रहने वाला है. छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में बादल के जमकर बरसने की संभावना जताई जा रही है. रविवार को गरज-चमक और बिजली गिरने का भी पूर्वानुमान है.
मौसम विभाग के पूर्वानमान के मुतबिक झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक लगातार बारिश होगी. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश का अलर्ट जारी किया जा चुका है.
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा समेत पूर्वोत्तर के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों मानसून का असर देखने को मिलने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक यहां पर भारी बारिश की आशंका है। पहाड़ी इलाकों में बारिश के कारण स्थानीय स्तर पर परेशानी बढ़ सकती है.

