Punjab news: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में आज उनके आवास पर पंजाब कैबिनेट की बैठक हुई। इस बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने इन फैसलों के बारे में जानकारी दी। भगवंत मान सरकार ने शनिवार को पंजाब में स्वास्थ्य सेवाओं को मज़बूत करने और युवाओं के लिए रोज़गार के अवसर बढ़ाने की दिशा में कई अहम फैसले लिए।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में 251 नए पद बनाने को मंज़ूरी दी गई। इनमें चमकौर साहिब के सब-डिविज़नल अस्पताल के लिए 33 पद, मलेरकोटला के स्वास्थ्य विभाग के लिए 19 पद, मेडिकल और डेंटल अधिकारियों के 80 पद और सब-डिविज़नल अस्पतालों में नए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्रों के लिए 119 पद शामिल हैं। इसके साथ ही, पंजाब लोक सेवा आयोग में ग्रुप-ए के नियमों में संशोधन और नए पद बनाने को भी मंज़ूरी दी गई।
वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि नए पद बनाने का मकसद सरकारी संस्थानों में कर्मचारियों की कमी को दूर करना और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। चमकौर साहिब के सब-डिविज़नल अस्पताल में 33 पद बनाए गए हैं। सरकार के अनुसार, इससे अस्पताल में मेडिकल स्टाफ़ की कमी दूर होगी और इलाके के लोगों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।
मलेरकोटला में स्वास्थ्य विभाग के लिए 19 नए पदों को मंज़ूरी दी गई है। इनमें मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सहायक सिविल सर्जन और ज़िला परिवार कल्याण अधिकारी जैसे पद शामिल हैं। नए ज़िले के गठन के बाद स्वास्थ्य प्रशासन को मज़बूत करने के लिए इन पदों को अहम माना जा रहा है। राज्य के स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए मेडिकल अधिकारियों और डेंटल अधिकारियों के 80 पदों को मंज़ूरी दी गई है। साथ ही, सब-डिविज़नल अस्पतालों और नए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्रों के लिए 119 पद बनाए गए हैं। इससे स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त स्टाफ़ उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
