Satya Niketan PG Accident: सत्य निकेतन PG हादसे के बाद खतरनाक इमारत गिराने की तैयारी है. घायलों को 5-5 लाख रुपये की सहायता मिली है और सरकार इलाज का खर्च उठाएगी.
दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए दर्दनाक PG हादसे के बाद प्रशासन ने अब खतरनाक इमारत को गिराने की तैयारी शुरू कर दी है. हादसे के बाद भवन की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं. आज इमारत को ध्वस्त किए जाने की कार्रवाई की जाएगी, जबकि इससे पहले अंदर मौजूद सामान को बाहर निकालने का काम जारी है.
हादसे के बाद निजी हॉस्टलों के ऑडिट की मांग
सत्य निकेतन PG हादसे का मामला अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है. याचिका के जरिए दिल्ली के सभी निजी हॉस्टलों और PG भवनों का सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की गई है. हादसे ने राजधानी में किराये के लिए संचालित इमारतों की संरक्षा और निर्माण मानकों की निगरानी पर बहस तेज कर दी है.
घायलों को मिले 5-5 लाख रुपये के चेक
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे में घायल लोगों से अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की थी. उन्होंने घायलों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक दिए. सरकार ने ये भी साफ किया है कि घायलों के इलाज का पूरा खर्च सरकार की ओर से उठाया जाएगा. इस फैसले से हादसे में प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है.
FIR में चार मंजिल बनाने का बड़ा खुलासा
हादसे की जांच के बीच दर्ज FIR में इमारत के निर्माण को लेकर अहम जानकारी सामने आई है. शुरुआती जांच में यह बात सामने आई कि किराये से अधिक कमाई के लालच में भवन में चार मंजिलें बना दी गईं. अब जांच एजेंसियां निर्माण की अनुमति, भवन के नक्शे और सुरक्षा मानकों से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं.

