BRICS Summit 2026 Delhi Traffic Advisory: दिल्ली शुक्रवार, 11 सितंबर को 18वें BRICS Leaders’ Summit के मद्देनजर कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच रहेगी. विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडलों के आगमन को देखते हुए दिल्ली सरकार और केंद्र के कई कार्यालयों के साथ स्कूलों व अदालतों में अवकाश रहेगा. वहीं, राजधानी की सड़कों पर व्यापक यातायात प्रतिबंध लागू किए जाएंगे.
BRICS शिखर सम्मेलन का आयोजन 11 से 13 सितंबर तक भारत मंडपम में होना है. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के 11 सितंबर को नई दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है. उनका विमान पालम स्थित एयर फोर्स स्टेशन पर उतरने के बाद चाणक्यपुरी क्षेत्र के होटलों की ओर रवाना होगा.
25 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात
सम्मेलन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद व्यापक रखी गई है. करीब 25,000 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है, जिनमें 100 से अधिक NSG कमांडो शामिल हैं. विदेशी मेहमानों की सुरक्षा के लिए 11 होटलों को हाई-सिक्योरिटी व्यवस्था के तहत रखा गया है और उनके आवागमन के लिए 35 विशेष रूट तैयार किए गए हैं.
स्कूल, सरकारी दफ्तर और सुप्रीम कोर्ट बंद
11 सितंबर को दिल्ली सरकार के सभी कार्यालय, स्वायत्त निकाय और दिल्ली सरकार के अधीन सार्वजनिक उपक्रम बंद रहेंगे.दिल्ली और नई दिल्ली में स्थित केंद्र सरकार के कार्यालय भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं.
दिल्ली के सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में भी अवकाश रहेगा. सुप्रीम कोर्ट और उसकी रजिस्ट्री 11 सितंबर को बंद रहेगी, जबकि रजिस्ट्री 12 सितंबर को भी बंद रहेगी. इसके बदले शनिवार, 28 नवंबर को पूर्ण कार्यदिवस घोषित किया गया है.
बैंक, बाजार, मेट्रो और एयरपोर्ट खुले रहेंगे
बैंक और वित्तीय बाजार सामान्य रूप से संचालित होने वाले हैं. दिल्ली मेट्रो, एयरपोर्ट और प्रमुख रेलवे स्टेशन भी खुले रहेंगे. हालांकि, एयरपोर्ट या नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को पर्याप्त समय पहले निकलने की सलाह दी गई है.
35 सड़कें और 22 डायवर्जन प्वाइंट प्रभावित
11 से 13 सितंबर के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है. 35 से अधिक सड़कों और 22 डायवर्जन प्वाइंट पर यातायात नियंत्रित किया जाएगा. सरदार पटेल मार्ग, मथुरा रोड, शांति पथ, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंभा रोड, पंचशील मार्ग और अफ्रीका एवेन्यू रोड समेत कई प्रमुख मार्ग प्रभावित हो सकते हैं.
हर सड़क पूरे दिन बंद नहीं रहेगी. वीवीआईपी काफिलों की आवाजाही और सुरक्षा स्थिति के अनुसार ट्रैफिक को कुछ समय के लिए रोका या डायवर्ट किया जा सकता है. व्यवस्था संभालने के लिए करीब 4,800 ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. यात्रियों को रवाना होने से पहले लाइव ट्रैफिक अपडेट देखने, नियंत्रित मार्गों से बचने और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. एयरपोर्ट जाने वालों के लिए मेट्रो को प्राथमिकता देने और घर से जल्दी निकलने की अपील की गई है.

