नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में खेलना है. इसमें टीम की ओपनिंग जोड़ी कौन सी होगी. इसे लेकर सवाल एक बार फिर से खड़ा हो गया है. जिम्बाब्वे के दौरे पर बाहर रखे गए संजू सैमसन की वापसी की वजह से ये सवाल सामने आया है. अभिषेक शर्मा के साथ वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया जाएगा या फिर संजू की ओपनिंग में वापसी होगी. इसे लेकर पू्र्व भारतीय क्रिकेट अजिंक्य रहाणे ने भी अपनी राय दी है.
भारत के पूर्व क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे का मानना है कि अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी तीन मैचों की टी20 सीरीज में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा जाना चाहिए. उन्होंने सुझाव दिया कि संजू सैमसन की वापसी हुई है और दोबारा से मौका मिलना चाहिए. अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में उन्हें अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करनी चाहिए.

रहाणे का साफ कहना था कि भारतीय टीम को टी20 विश्व कप 2026 में उतारे गए टॉप 3 बैटर पर भरोसा बनाए रखना चाहिए. टूर्नामेंट में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने पारी की शुरुआत की थी और तीसरे नंबर पर ईशान किशन ने आकर टीम के लिए उपयोगी पारी खेली थी. अफगानिस्तान के खिलाफ भी इसी बल्लेबाजी क्रम से साथ उतरना चाहिए. रहाणे ने अपने यूट्यूब चैनल पर टीम इंडिया के टी20 सीरीज के दौरान बल्लेबाजी क्रम को लेकर बात की.
उन्होंने संजू सैमसन जमकर तारीफ की और कहा कि इंग्लैंड दौरे पर खेली गई कुछ पारियों को हटा दें तो अब तक प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है. इस खिलाड़ी को खुद को साबित करने का एक और मौका मिलना चाहिए. वैभव सूर्यवंशी अभी युवा खिलाड़ी हैं और उनके पास काफी समय बचा हुआ है. उनका समय भी जरूर आएगा और फिलहाल उन्हें इंतजार करना चाहिए. वैभव को इंग्लैंड के दौरे पर टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू करने का मौका मिला था. शुरुआती तीन मुकाबलों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन ना करने के बाद वो प्लेइंग इलेवन से बाहर हो गए थे. जिम्बाब्वे दौरे पर वैभव ने जमकर मौके का फायदा उठाया और दो फिफ्टी जमाई. उनको प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया था.

