नई दिल्ली. भारत और अफगानिस्तान के बीच आज (रविवार, 13 सितंबर) को तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाना है. अगर आप भी मैच देखने स्टेडियम जाने वाले हैं तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट लेना ना भूलें. मैच से पहले दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इस बात की जानकारी दी है कि BRICS शिखर सम्मेलन का आज आखिरी दिन है. वहीं क्रिकेट मैच भी इसी दिन हो रहा है ऐसे में अरुण जेटली स्टेडियम और उसके आसपास ट्रैफिक प्रतिबंध, डायवर्जन और पार्किंग से जुड़े विशेष नियम लागू रहेंगे.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया है कि जो भी ट्रैफिक नियम में बदालव किया गया है वो दोपहर 2 बजे के बाद से लागू होंगे. भारत और अफगानिस्तान के बीच मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होना है. BRICS शिखर सम्मेलन इससे पहले आयोजित किया जाना है. पुलिस का साफ कहना था कि मैच देखने आने वाले या स्टेडियम के आस पास से गुजरने वाले लोग तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें. अगर संभव हो तो स्टेडियम के आस पास से गुजरने की जगह पर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें.
ट्रैफिक पुलिस ने मैच से एक दिन पहले शनिवार को ही एडवाइजरी में जारी कर दी थी. इसमें कहा गया कि अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले भारत-अफगानिस्तान टी20 मैच को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम के आसपास यातायात को नियंत्रित करने के लिए कुछ खास इंतजाम किए जाएंगे. जो भी दर्शक टी20 मुकाबला देखने आने वाला है वो इन बदलावों को ध्यान में रखकर ही घर से निकले. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की तरफ से DDCA से मैच को 13 सितंबर की जगह किसी और दिन रखने का अनुरोध किया था. पुलिस ने इसकी वजह BRICS सम्मेलन को बताया था. राजधानी में बढ़ने वाली सुरक्षा और यातायात संबंधी जिम्मेदारियों का हवाला दिया गया था.

