EPFO on Whatsapp: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने एक नई सुविधा शुरू की है। EPFO के अकाउंट होल्डर्स अब WhatsApp पर भी भविष्य निधि से जुड़ी सुविधाएं पा सकेंगे। EPFO ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी है। इस नई सुविधा से खाताधारक किसी भी समय अपने मोबाइल पर बस एक मैसेज करके जानकारी हासिल कर सकेंगे।
EPFO ने X पर दी जानकारी
EPFO ने X पर लिखा, ”EPFO अब WhatsApp पर भी उपलब्ध है! जरूरी अपडेट और काम की जानकारी पाने के लिए EPFO के ऑफिशियल WhatsApp चैनल से जुड़ें।” चैनल के डिस्क्रिप्शन में बताया गया है कि इसमें ‘ऑफिशियल न्यूज, स्कीम से जुड़े अलर्ट और जरूरी घोषणाओं’ के बारे में अपडेट दिए जाएंगे। खास बात यह है कि अब तक EPFO के ऑफिशियल WhatsApp चैनल से 75,000 लोग जुड़ चुके हैं और लोगों के जुड़ने का सिलसिला जारी है। मेंबर्स यहां क्लिक करके जुड़ सकते हैं।
EPFO now on WhatsApp too!
📢Join EPFO’s official WhatsApp Channel to get important updates and useful information. Click on the link to join. https://t.co/k2KmISipxw #EPFO #EPFOWithYou #HumHainNa #EPFOWhatsAppChannel pic.twitter.com/mgLueBG1GD
— EPFO (@officialepfo) September 13, 2026
मुख्य विशेषताएं और जरूरी जानकारी
EPF नौकरीपेशा लोगों के लिए सरकार की ओर से सुरक्षित, लंबे समय के लिए निवेश करने का टूल और रिटायरमेंट सेविंग का विकल्प है। वित्त मंत्रालय ने लगातार तीसरी बार वित्त वर्ष 26 के लिए EPF और वॉलंटरी PF (VPF) पर 8.25% ब्याज दर को मंजूरी दी है।
- इन सेवाओं से 24/7 सुविधा मिलने की उम्मीद है, जिसमें स्वचालित सिस्टम बुनियादी खाता संबंधी अनुरोधों को चौबीसों घंटे संभालेंगे।
- सदस्य EPFO के पंजीकृत, टिक मार्क से सत्यापित WhatsApp नंबर पर ‘Hello’ लिखकर बातचीत शुरू कर सकते हैं।
- सदस्य अपना भविष्य निधि (PF) बैलेंस देख सकेंगे और पिछले पांच लेन-देन भी देख सकेंगे।
- सदस्य मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने EPF खाते के दावे की स्थिति भी देख सकते हैं और अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
- सदस्य अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर पर EPFO से संदेश प्राप्त करने का विकल्प भी चुन सकते हैं।
WhatsApp आधारित सेवाएं क्यों?
इस पहल से EPFO कार्यालयों में आने-जाने की आवश्यकता में काफी कमी आने और ग्राहक सेवा कॉल सेंटरों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है। गौरतलब है कि केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने मई में पत्रकारों को बताया था कि उपयोगकर्ताओं के प्रश्नों और खाता संबंधी अनुरोधों को संभालने के लिए व्हाट्सएप आधारित चैटबॉट सेवाएं शुरू करने की योजना है, जिसका उद्देश्य सदस्यों तक पहुंच बढ़ाना और उन्हें दी जाने वाली सेवाओं को सुव्यवस्थित करना है।
मांडविया ने कहा कि संगठन ने कानूनी विवादों को कम करने और अलग-अलग कानूनी मंचों पर लंबित मामलों का समय पर निपटारा सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए हैं और WhatsApp चैटबॉट को शुरू करना भी ऐसा ही एक कदम है।
क्षेत्रीय भाषाओं में भी मिलेगी सेवाएं
मंत्री के अनुसार, बातचीत के लिए WhatsApp चैनल शुरू करने का एक मुख्य कारण यह है कि ज्यादातर EPFO सदस्यों ने पहले से ही यह मैसेजिंग ऐप इंस्टॉल कर रखा है और वे इसका इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्लेटफॉर्म पर स्थानीय या क्षेत्रीय भाषाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे सदस्यों को अपनी भाषा में EPFO के साथ बातचीत करने में आसानी होगी।

