नई दिल्ली. भारत और जापान के बीच पहली बार कोई टी20 इंटरनेशनल मैच खेला जाना है. इस मुकाबले को लेकर जो खबर आ रही है वो अच्छी नहीं है. बताया जा रहा है कि जापान के पूर्वी हिस्सों में पिछले दो दिनों से तबाही मचा रहे टाइफून डुजुआन का असर अब एशियन गेम्स पर भी पड़ा है. इसकी वजह से सोमवार, 21 सितंबर को घुड़सवारी के इवेंट्स को स्थगित करना पड़ा. खबर है कि अब इन मुकाबलों को मंगलवार को कराने की योजना है. 22 तारीख को ही भारत और जापान के बीच मैच खेला जाना है जिसके ऊपर भी टाइफून का असर पड़ सकता है.
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने चेतावनी दी है कि तूफान की वजह से हालात और बिगड़ सकते हैं. डुजुआन के सोमवार को टोक्यो महानगरीय के पास से गुजरने का अनुमान लगाया जा रहा है. इजू द्वीप समूह, चिबा प्रीफेक्चर और प्रशांत तटीय इलाकों में भारी बारिश पहले ही हो चुकी है. जो आंकड़े अब तक इसे लेकर सामने आए हैं उसके मुताबिक शनिवार, 19 सितंबर से कुछ इलाकों में 300 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है.
जो मौसम का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है उसके मुताबिक टाइफून का असर भारत-जापान टी20 इंटरनेशनल पर पड़ सकता है. इस मैच को कांतो क्षेत्र में स्थित सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर मंगलवार 22 सितंबर को खेला जाना है. खराब मौसम की वजह से मैच पर असर पड़ना संभव है. मैच के दौरान तेज बारिश से इसका मजा खराब हो सकता है.
टाइफून की वजह से मैच से एक दिन पहले जापान में कम से कम 275 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं. जापान एयरलाइंस ने 120 घरेलू और 15 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कीं. ऑल निप्पॉन एयरवेज ने 140 घरेलू उड़ानें रद्द करनी पड़ी. सिर्फ हवाई यात्रा ही नहीं बल्कि टोक्यो और आसपास के इलाकों में रेल सेवाएं भी बाधित हुई हैं. बताया जा रहा है कि तेज हवाओं की वजह से देश की राजधानी में दुनिया के बड़े वीडियो गेम ट्रेड शो में शामिल टोक्यो गेम शो को भी अंतिम दिन रद्द करना पड़ा.

