गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर को टक्कर मारने का विवाद तूल पकड़ता जा रहा है. वहीं अब पीड़िता सिया ने वीडियो शेयर कर पूरे मामले पर टिप्पणी की है. बीते रविवार को गोल्फ कोर्स रोड पर एक कार सवार ने कथित तौर पर सुपरबाइक चला रही एक महिला बाइकर को टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही सिया बुरी तरह से बाइक पर से गिर गई और बाइक घिसटते हुए काफी दूर जा गिरी. यह पूरी घटना बाइक में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. सिया ने सोशल मीडिया पर जो फुटेज शेयर किया है, उसमें टक्कर से पहले के पल और उसके बाद की घटनाएं दिखाई दे रही हैं. वहीं मारुति सियाज के ड्राइवर ने टक्कर की वजह के बारे में अलग कहानी बताई है.
वीडियो शेयर कर सिया ने दी सफाई
वीडियो में खुद को ‘सिया’ बताने वाली शिवानी चौहान ने कहा कि रविवार सुबह वह एक ग्रुप के साथ ‘द बाइकर्स बार्न’ कैफे की ओर जा रही थी, तभी कार (HR30Y4949) चला रहे एक व्यक्ति ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया. सिया ने आरोप लगाया कि कार में बैठे लोगों ने बार-बार उसके पास पहुंचने और उन्हें गाड़ी रोकने के लिए कहने की कोशिश की. उसने वीडियो में कहा, “मैंने उससे कहा कि थोड़ी दूर से गाड़ी चलाए और उसने कहा, ‘बाइक रोको’.
‘मुझे शक था कि कार में बैठे लोग नशे में थे’
सिया ने वीडियो में यह भी कहा कि उन्हें शक था कि कार में बैठे लोग नशे में थे. उन्होंने बताया कि कार को अपने रास्ते में आने से रोकने और आगे बने रहने के लिए उन्होंने अपनी बाइक की स्पीड बढ़ा दी थी. पीछे चल रहे एक दोस्त ने भी उसे बचाने की कोशिश की थी. उसने अपनी मोटरसाइकिल सियाज़ कार और शिवानी के बीच लगा दी, जबकि कार तेजी से चल रही थी और बार-बार सिया की बाइक के आगे आने की कोशिश कर रही थी. हालांकि अंत में सिया की बाइक में कार चालक ने टक्कर मार दी.
सिया के दोस्त ने बैसला को सिग्नल पर पकड़ लिया था
टक्कर लगने से सिया सड़क पर गिर गई और उसकी मोटरसाइकिल सड़क पर घिसटती चली गई. रगड़ खाने से चिंगारियां निकलीं, वो भी वीडियो में भी दिखाई दे रही हैं. जब सियाज कार वहां से भागने लगी, तो उसके एक दोस्त ने उसका पीछा किया और आगे ट्रैफिक सिग्नल पर उसे पकड़ लिया. उसने ड्राइवर से सवाल-जवाब किए और कार का दरवाजा खोलने की कोशिश करते हुए उसे बाहर आने को कहा. शिवानी का आरोप है कि ड्राइवर ने अपनी गलती मानने से इनकार कर दिया और सिग्नल से भाग निकला.
बैसला ने कहा- बाइकर्स उसकी कार के आसपास गलत तरीके से चल रहे थे
वहीं कार ड्राइवर, पलवल के रहने वाला कल्याण बैसला ने दावा किया कि 22-23 बाइकर्स का एक ग्रुप आक्रामक तरीके से गाड़ी चला रहा था. बार-बार उसकी कार को ओवरटेक कर रहा था और उसके आगे धीमी गति से चल रहा था. वीडियो में जो दिख रहा है, उसके उलट उसने कहा कि जब वह यू-टर्न ले रहा था, तो शिवानी ने अचानक अपनी गाड़ी मोड़ ली, जिससे उसे संभलने का बहुत कम समय मिला. उसने कहा, “उसने बिना शीशे में देखे अचानक गाड़ी मोड़ ली. मैं कार पर काबू नहीं रख सका. फिर भी, मैंने टक्कर से बचने की पूरी कोशिश की.”
‘मैंने जानबूझकर टक्कर नहीं मारी’
बैसला ने दुर्घटना के बाद भागने की बात से भी इनकार किया. उसने कहा कि जब सिग्नल पर दूसरे बाइकर्स ने उसे रोका तो उसने अपनी कार की खिड़की नीचे की और उनसे कहा कि इसमें उसकी कोई गलती नहीं है. उसने यह भी दावा किया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो अलग-अलग क्लिप्स को जोड़कर एडिट किया गया है. उसने कहा, “वे विक्टिम कार्ड खेल रहे हैं. मैंने जानबूझकर उन्हें टक्कर नहीं मारी.”
