Delhi News: दिल्ली के द्वारका एक्सप्रेसवे पर शनिवार को एक थार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद गाड़ी मौके से फरार हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना पीछे चल रही एक कार के डैशकैम में कैद हो गई।
सर्विस लेन से सीधे ट्रैफिक में आई
द्वारका एक्सप्रेसवे पर शनिवार रात करीब 8 बजे तेज रफ्तार थार रॉक्स गाड़ी सर्विस लेन से सीधे मेन ट्रैफिक में आ गई। इसके बाद इस वाहन ने आगे चल रही एक बाइक को बेहद करीब से ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान थार की बाइक से टक्कर हो गई और बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े।
टक्कर मारकर हो गए फरार
घटना के बाद थार सवार गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ाकर वहां से फरार हो गए। थार रॉक्स का नंबर HR16AG5200 बताया गया है। घायल को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। E Challan रिकॉर्ड के मुताबिक, 3 अगस्त को वाहन पर रैश ड्राइविंग और रेड लाइट जंप करने का ₹5,000 का चालान किया गया था।
शुक्रवार को भी हुई थी ऐसी घटना
थार द्वारा इस तरह की घटना को अंजाम देने की यह कोई पहली घटना नहीं है। शुक्रवार को गुरुग्राम में एक कॉलेज के बाहर थार सवार लोगों ने पहले एक लड़के को थार से टक्कर मारी और फिर नीचे उतरकर उसकी लात-घूंसों से पिटाई की।

