Delhi News: दिल्ली के पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश में एक युवक द्वारा अपनी गर्लफ्रेंड से बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। लड़की की मां ने आरोप लगाया है कि दोनों पहले रिलेशनशिप में थे, लेकिन ब्रेकअप के बाद युवक ने युवती की बेरहमी से पिटाई की। साथ ही, पीड़िता को जान से मारने की भी धमकी दी गई। घटना के बाद, पीड़ित ने दी दिल्ली के सीआर पार्क थाने मे लिखित शिकायत दी है।
मां ने ऑनलाइन की शिकायत
पीड़िता की मां ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस के दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त (DCP) को ऑनलाइन शिकायत भेजकर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। यह शिकायत 27 सितंबर को दर्ज कराई गई।
आरोपी IAS अधिकारी का बेटा
शिकायत के अनुसार, आरोपी युवक की पहचान अन्मय कृष्णा के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता का दावा है कि अनमय कृष्णा वरिष्ठ IAS अधिकारी अश्वनी कुमार का बेटा है। हालांकि, शिकायत की प्रारंभिक प्रति में इस बात की कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है कि आरोपी का संबंध उक्त अधिकारी से है या नहीं।
बाथरूम में की मारपीट
22 वर्षीय युवती और अन्मय कृष्णा के बीच जुलाई 2026 से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। 25 सितंबर को आरोपी बातचीत के जरिए मामला सुलझाने के बहाने युवती के घर पहुंचा था। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि 26 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे घर के कर्मचारियों ने सूचना दी कि दोनों के बीच बाथरूम में झगड़ा हो रहा है। जब परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि आरोपी युवक कथित तौर पर युवती के साथ मारपीट कर रहा था।
आईफोन भी छीनने का आरोप
शिकायतकर्ता ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब युवती ने आरोपी के साथ शारीरिक संबंध बनाने से इनकार कर दिया, तो उसने गुस्सा होकर बदसलूकी और हिंसा शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपी जाते-जाते युवती का आईफोन भी अपने साथ छीनकर ले गया। उसमें मौजूद निजी तस्वीरों और वीडियो को इंटरनेट पर सार्वजनिक करने की धमकी दी गई।
पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने 112 नंबर पर आपातकालीन पुलिस सहायता मांगी। सूचना मिलने के लगभग 15 मिनट बाद पीसीआर वैन मौके पर पहुंची। इसके बाद युवती को मेडिकल जांच के लिए मालवीय नगर स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया। शिकायतकर्ता ने अपनी याचिका में पुलिस की शुरुआती कार्रवाई और मेडिकल जांच की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए हैं।

