नई दिल्ली. एशियन गेम्स में पुरुष क्रिकेट मुकाबलों का रद्द होने का दौर जारी है. लगातार दूसरे दिन खेला जाने वाला क्वार्टर फाइनल मैच बारिशकी भेंट चढ़ गया. नेपाल और श्रीलंका के बीच खेला जाने वाला तीसरा नॉक आउट मैच बिना खेले ही रद्द करना पड़ गया. इस मुकाबले के बेनतीजा रहने की वजह से श्रीलंका सेमीफाइनल में पहुंच गया जबकि नेपाल की टीम बाहर हो गई. बेहतर रैंकिंग के आधार पर फैसला लिया गया. श्रीलंका की टीम का सामना अब भारतीय टीम से फाइनल में जगह बनाने के लिए होगा.
मंगलवार सुबह निशिन में श्रीलंका और नेपाल के बीच खेला जाने वाला क्वार्टर फाइनल लगातार बारिश के कारण रद्द हो गया. इसके बाद बेहतर रैंकिंग के आधार पर श्रीलंका को सेमीफाइनल में जगह मिल गई. श्रीलंका की टीम ICC रैंकिंग में 9वें स्थान पर है. वहीं नेपाल की मौजूदा रैंकिंग 14 है. इसी बेहतर रैंकिंग की वजह से श्रीलंका को बिना मैच खेले ही सेमीफाइनल में जगह मिल गई. नागोया में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है. इसका बुरा असर इस मेगा इवेंट के क्रिकेट मैच पर पड़ा. भारत और अफगानिस्तान का मैच भी बिना खेले ही बारिश की वजह से रद्द करना पड़ गया था.
भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे श्रेयस अय्यर अब सेमीफाइनल में सहान अराचिगे की अगुआई वाली श्रीलंका से भिड़ेगें. दूसरा सेमीफाइनल पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेला जाएगा. दोनों सेमीफाइनल मुकाबले गुरुवार को होने हैं. भारतीय पुरुष टीम ने अभी तक कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क के मैदान पर कोई मुकाबला नहीं खेला है. गौरतलब है कि इसी मैदान पर महिला टीम के मुकाबले खेले गए थे. भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर की टीम ने श्रीलंका को हराकर ही गोल्ड मेडल जीता था.
अफगानिस्तान की टीम को एशियन गेम्स से बिना कोई मैच खेले ही बाहर होना पड़ गया. लगातार दूसरी बार भारत के खिलाफ बारिश के कारण उसका सफर खत्म हो गया. 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में भी भारत के खिलाफ फाइनल बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका था. उस मुकाबले में 18.2 ओवर का खेल होने के बाद बारिश आ गई थी. बेहतर सीडिंग के आधार पर भारत को स्वर्ण पदक मिला था. अफगानिस्तान को दूसरे स्थान पर रहने की वजह से सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा था.

