नई दिल्ली. वेस्टइंडीज की टीम ने भारत के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में गजब का खेल दिखाया है.पहले मुकाबले में बड़ा स्कोर करने से चूके कप्तान शाई होप ने बुधवार को धमाका कर दिया. दूसरे मैच में उन्होंने शानदार शतकीय पारी खेल डाली. इस एक पारी के दम पर होप ने वेस्टइंडीज क्रिकेट में नया कारनामा कर दिया. वो अब टीम की तरफ से सबसे ज्यादा शतक जमाने वाले दूसरे बैटर बन गए. उन्होंने पूर्व कप्तान ब्रायन लारा का रिकॉर्ड तोड़ डाला.
भारतीय टीम के खिलाफ पहले वनडे में महज 12 रन बनाकर आउट हुए वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने गुवाहाटी में लाजवाब पारी खेल डाली. उन्होंने दूसरे मैच में ऐसी पारी खेली जिसने इतिहास रच दिया. वनडे इंटरनेशनल में टीम ने पहली बार 400 रन का स्कोर बनाया. इस दौरान शतकीय पारी खेलकर कप्तान होप ने अपनी टीम के दिग्गज बैटर की लिस्ट में जगह बनाई. वेस्टइंडीज के लिए सेंचुरी जमाने वालों की लिस्ट में अब ये बैटर सिर्फ क्रिस गेल से पीछे है.
The Master at Work. 🏏💯
ODI century no.2️⃣0️⃣ for Shai Hope. ✨🔥#INDvWI | #MenInMaroon pic.twitter.com/dWMhkvv2yT
— Windies Cricket (@windiescricket) September 30, 2026
बुधवार (30 सितंबर) को गुवाहाटी में भारत के खिलाफ दूसरे वनडे में होप ने 90 गेंद में शतक पूरा किया. इसके साथ ही उनके नाम अब 20 वनडे शतक हो गए हैं. वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा ने वनडे में 19 शतक जमाए थे. उन्होंने उनसे 1 सेंचुरी ज्यादा ठोक दी. होप के निशाने पर अब क्रिस गेल का रिकॉर्ड है. उन्होंने अपने करियर के दौरान कुल 25 वनडे शतक जमाया था. होप इससे सिर्फ पांच शतक दूर हैं. होप ने यह उपलब्धि अपने 157वें वनडे मैच में हासिल की. लारा ने 295 और गेल ने 298 मैच खेलने के बाद अपने संबंधित आंकड़े हासिल किए थे. लारा ने वेस्टइंडीज की कप्तानी करते हुए पांच शतक लगाए थे. होप का कप्तान के रूप में यह सातवां वनडे शतक था.
कप्तान होप ने पहले वनडे की निराशा को भुलाकर इस मैच में बल्लेबाजी की. उन्होंने शुरुआत में संभलकर खेला और 94 गेंद पर 104 रन बनाए. केसी कार्टी के आउट होने के बाद क्रीज़ पर आए होप ने शुरुआत में सावधानी बरती. इसके बाद रन बनाने की रफ्तार बढ़ाई. अकिब नबी के खिलाफ उन्होंने जमकर हल्ला बोला. पांचवें ओवर में दो चौके लगाए और इसके बाद एक सिंगल तथा दो रन भी बटोरे. स्पिनरों के खिलाफ होप ने अनावश्यक जोखिम लेने से परहेज किया.

