
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने ये साफ कर दिया है कि टीम इंडिया के भी खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट में खेलने उतरेंगे. न्यूजीलैंड के खिलाफ नवंबर-दिसंबर 2026 में होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भूमिका अहम होगी. टेस्ट सीरीज से पहले 32 साल के तेज गेंदबाज न्यूजीलैंड A के खिलाफ इंडिया A की तरफ से खेलते नजर आ सकते हैं. उनको कम से कम एक अनऑफिशियल टेस्ट मैच खेलना है. उनके अलावा केएल राहुल और ऋषभ पत को भी उतरना होगा.
पिछले कुछ सीजन से बीसीसीआई ने खिलाड़ियों को मैच प्रैक्टिस के लिए घरेलू क्रिकेट में या इंडिया ए टीम में खेलने कहा है. भारत को इस महीने के अंत में न्यूजीलैंड का दौरा करने है. वहां पांच टी20 इंटरनेशनल, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेलने हैं. इसी दौरान भारत A की टीम भी न्यूजीलैंड का दौरा करेगी. भारत A को 24 अक्टूबर से 10 नवंबर के बीच न्यूजीलैंड A के खिलाफ तीन अनऑफिशियल टेस्ट मैच खेलने हैं. इसमें से एक मुकाबले में सीनियर खिलाड़ियों को खेलने कहा गया है.

‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की रिपोर्ट के मुताबिक चोट से लगातार जझने वाले जसप्रीत बुमराह टेस्ट सीरीज से पहले इंडिया ए की तरफ से खेलने उतरेंगे. अपनी टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए न्यूजीलैंड A के खिलाफ तीन में से कम से कम एक अनऑफिशियल टेस्ट खेल सकते हैं. बुमराह ने पिछले साल नवंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद से कोई रेड-बॉल मुकाबला नहीं खेला है. रिपोर्ट के अनुसार यह फैसला सिर्फ बुमराह के लिए नहीं है बल्कि उनके अलावा केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत और बी साई सुदर्शन भी भारत A के लिए कम से कम एक अनऑफिशियल टेस्ट खेल सकते हैं.
केएल राहुल अब भारत के लिए वनडे में बतौर विकेटकीपर पहली पसंद हैं. ऐसे में उनके लिंकन के बर्ट सटक्लिफ ओवल में होने वाला पहला मैच खेलने की संभावना है. वहीं पडिक्कल, पंत और साई सुदर्शन तीनों अनऑफिशियल टेस्ट मैचों के लिए उपलब्ध हो सकते हैं. पडिक्कल और साई सुदर्शन हाल ही में पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया A के खिलाफ भारत A के लिए दो अनऑफिशियल टेस्ट खेल चुके हैं. वहीं ऋषभ पंत ने हाल ही में ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया की कप्तानी की थी.
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन की भारतीय टेस्ट टीम में वापसी हो सकती है. इस साल इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने जबरदस्त वापसी की है. ईशान ने टेस्ट और वनडे में शानदार प्रदर्शन किया है. ईशान ने जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के लिए दो टेस्ट मैच खेले थे. इसके बाद उन्हें 2024 की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया था. इसके बाद ध्रुव जुरेल ने टेस्ट क्रिकेट में भारत के दूसरे पसंदीदा विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में अपनी जगह मजबूत की.
