फरीदाबाद. हरियाणा के फरीदाबाद में ईवी कंपनी में सीनियर एचआर मैनेजर की हत्या कर दी गई. अब इस केस में वांछित आरोपियों का पुलिस ने एनकाउंटर किया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान क्राइम ब्रांच और आरोपियों के बीच में मुठभेड़ हो हई और एक आरोपी के पैर में गोली लगी. पुलिस ने मौके से एक देसी पिस्टल भी बरामद की है. पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है.
सेक्टर-62 में छिपे होने की मिली थी सूचना
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि लक्ष्मण हत्याकांड में वांछित आरोपी सेक्टर-62 स्थित सीवर पाइप के एक गोदाम में छिपे हुए हैं. सूचना के आधार पर दोनों क्राइम ब्रांच की टीम ने गोदाम की घेराबंदी कर दबिश दी. पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया. इसी दौरान आरोपी तरुण उर्फ नवीन निवासी ऊंचा गांव ने पुलिस टीम पर दो फायर किए. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तरुण के पैर में गोली लगी. इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया.
मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने मौके से एक देसी पिस्टल बरामद की. घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, उसके साथी आरोपी जतिन को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
डीलर चौक पर लक्ष्मण की हुई थी हत्या
4 अक्तूबर की रात को शाहपुर के रहने वाले लक्ष्मण और उसके भतीजे महेश का केले खरीदने के दौरान रेहड़ी वाले से विवाद हो गया था. इसके बाद रेहड़ी वाले ने अपने साथियों को बुला लिया. आरोप है कि लक्ष्मण और उसके भतीजे पर चाकूओं से वार किया गया. जिसमें लक्ष्मण की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि उसका भतीजा अस्पताल में भर्ती है.