Haryana News: गुरुग्राम से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। सेक्टर-71 में बिल्डर कंपनी के गोल्फ परिसर में बने तालाब में डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गई। 12 वर्षीय नैना अपनी सहेली साजन को बचाने के लिए पानी में कूदी थी, लेकिन दोनों ही पानी से बाहर नहीं निकल सकी।
सहेली को बचाने पानी में कूदी
राधा और नंदिनी के साथ नैना पहले तालाब से बाहर निकल आई थी। कुछ देर बाद साजन गहरे पानी में जाने से डूबने लगी। सहेली को संकट में देखकर नैना उसे बचाने के लिए फिर से तालाब में उतर गई। इस दौरान वह खुद भी गहरे पानी में चली गई और बाहर नहीं निकल सकी।
दोस्तों ने मचाया शोर
तालाब के बाहर खड़ी राधा और नंदिनी ने दोनों को डूबते देखकर शोर मचाया। उन्होंने कुछ दूरी पर मौजूद सिक्योरिटी गार्डों को बुलाया। इसके बाद अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे। लोगों ने दोनों बच्चियों को तालाब से बाहर निकाला और नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ऑटो चलाते हैं दोनों के पिता
फाजिलपुर गांव की जमीन पर बने मकानों में बड़ी संख्या में परिवार किराये पर रहते हैं। साजन के पिता रामविनय महतो और नैना के पिता लाल बाबू ऑटो चलाते हैं। दोनों परिवार करीब 10 साल से इसी इलाके में रह रहे हैं। दोनों बच्चियां फाजिलपुर गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ती थीं। इलाके के अधिकतर बच्चे भी इसी स्कूल में जाते हैं। माता-पिता के काम पर जाने के दौरान बच्चे अक्सर खेलने के लिए गोल्फ परिसर में चले जाते थे।
टीनशेड से अंदर घुसते थे बच्चे
परिसर के पिछले हिस्से में करीब 12 फीट ऊंची टीनशेड की चारदीवारी है। एक जगह पेड़ होने के कारण टीनशेड नीचे करके लगाया गया है। इसी हिस्से से बच्चे अंदर प्रवेश करते थे। वे परिसर में खेलने के साथ कभी-कभार तालाब में नहाते भी थे। मंगलवार को भी चारों सहेलियां इसी रास्ते से अंदर गई थीं।


