Gurugram factory accident: हरियाणा के गुरुग्राम में बुधवार को एक फैक्ट्री में बड़ा हादसा हो गया। बता दें की यह घटना भोंडसी थाना क्षेत्र के धूमसपुर स्थित संधार टेक्नोलॉजीज लिमिटेड की यूनिट की है। बताया जा रहा है कि तीनों कर्मचारी फैक्ट्री परिसर में काम कर रहे थे, इसी दौरान वे केमिकल टैंक के अंदर चले गए। टैंक में मौजूद जहरीली गैस और केमिकल के संपर्क में आते ही तीनों बेहोश हो गए। बाद में तीनों की मौत हो गई।
बेटे ने दी शिकायत, सेफ्टी इक्विपमेंट नहीं देने का आरोप
मृतक नरेश यादव के बेटे ने कंपनी अधिकारियों के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत दी है। आरोप है कि तीनों कर्मचारियों को सेफ्टी टैंक के अंदर काम करने के लिए भेजा गया था, लेकिन मैनेजमेंट ने उन्हें जरूरी सेफ्टी इक्विपमेंट नहीं दिए।शिकायत के आधार पर भोंडसी पुलिस स्टेशन में मैनेजमेंट के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को 11 नवंबर को सूचना मिली थी कि तीन लोगों की अस्पताल में मौत हो गई है।
मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान नरेश यादव, अनिल झा और मोहम्मद आरिफ के रूप में हुई है।नरेश यादव गुरुग्राम के बादशाहपुर के रहने वाले थे और 2021 से फैक्ट्री में वेल्डर थे।अनिल झा बिहार के नवादा के बरनामा गांव के रहने वाले थे और भोंडसी के मारुति कुंज में रहते थे।मोहम्मद आरिफ बिहार के मुजफ्फरपुर के पिपराहा गांव के रहने वाले थे और धूमसपुर में रहते थे।एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने लापरवाही से मौत की धाराओं में FIR दर्ज कर ली है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


