नई दिल्ली. भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जोरदार वापसी की है. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के पहले मुकाबले में उन्होंने धमाकेदार पारी खेल टीम को जीत तक पहुंचाया. लंबे समय से नेशनल टीम से बाहर चल रहे इस धुरंधर ने हैदराबाद के खिलाफ तूफानी फिफ्टी जमाई. 173 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम ने 13.1 ओवर में यानी महज 79 बॉल में 3 विकेट खोकर जीत से खाता खोला.
भारत की टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव शनिवार (14 नवंबर) को सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में मुंबई की ओर से मैदान पर उतरे. टूर्नामेंट के एलीट ग्रुप-डी के पहले मुकाबले में उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ 21 गेंद पर नाबाद 60 रन की तूफानी पारी खेली. अपनी टीम को 173 रन के लक्ष्य तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. यह मुकाबला कोलकाता के जादवपुर यूनिवर्सिटी कैंपस के सेकंड ग्राउंड पर खेला गया. सूर्यकुमार यादव मुंबई की ओर से लक्ष्य का पीछा करते हुए चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे. उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और पांच छक्के लगाए. उन्होंने महज 15 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया.

सूर्यकुमार ने तीसरे विकेट के लिए मुशीर खान के साथ सिर्फ 23 गेंद में 65 रन की साझेदारी की. मुशीर ने भी मुंबई के लिए शानदार अर्धशतक लगाया. सरफराज खान के छोटे भाई मुशीर ने 24 गेंद का सामना करते हुए छह चौके और तीन छक्कों की मदद से 51 रन बनाए. मुशीर को लक्ष्य का पीछा करते हुए 12वें ओवर में अजय देव गौड़ ने आउट किया. इससे पहले उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज हार्दिक तामोरे के साथ दूसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 49 रन जोड़े थे. इस साझेदारी में मुशीर का योगदान 18 गेंद पर 41 रन का था.
Suryakumar Yadav LOOKED confident while signing autographs after an explosive 15-ball FIFTY knock! ❤️🔥
– The first chapter of his comeback journey has started with a BANG!
Fingers crossed for the next chapters.– A top-scorer finish in the SMAT and 650+ runs in IPL 2026 could pave the way for his comeback to international cricket. 🇮🇳
— Mukku (@Cric_Mukku) November 14, 2026
मुंबई ने 13.1 ओवर में ही 173 रन का लक्ष्य हासिल कर सात विकेट से शानदार जीत दर्ज की. भारत के साथ दो बार टी20 विश्व कप जीत चुके शिवम दुबे ने 14वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई. यह ओवर हैदराबाद के कप्तान चामा वी मिलिंद ने किया था. दुबे पांच गेंद पर 13 रन बनाकर नाबाद लौटे. इससे पहले मुंबई के गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया. मैक्सवेल स्वामीनाथन ने चार ओवर में 23 रन देकर तीन विकेट हासिल किए. शिवम दुबे और सैराज पाटिल ने दो-दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. मुंबई की गेंदबाजी के सामने हैदराबाद की पूरी टीम 20 ओवर में 172 रन पर सिमट गई.
सीजन के पहले मुकाबले में बड़ी जीत दर्ज करने के बाद मुंबई की टीम अब 16 नवंबर को गुजरात के खिलाफ अपना दूसरा मैच खेलेगी. यह मुकाबला भी इसी मैदान पर होगा. इसके बाद मुंबई को 18, 20, 22, 24 और 26 नवंबर को गोवा, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा और उत्तराखंड से भिड़ना है.

