नई दिल्ली. पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर पापा के जैसे ही धमाल मचा रहे हैं. पाकिस्तान के खिलाफ फ्लॉप होने के बाद उन्होंने एशिया कप 2026 में सबसे बड़ी पारी खेल डाली. मंगलवार (10 नवंबर) को भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बीच मुकाबला खेला गया. उन्होंने 168 गेंद पर 160 रन की पारी खेली. उनकी बल्लेबाजी ने फैंस को पापा सहवाग की याद दिला दी.
19 साल के आर्यवीर अब तक भारत के लिए चार यूथ वनडे मुकाबले खेल चुके हैं. UAE के खिलाफ ग्रुप चरण के तीसरे मैच में उन्होंने पारी का आगाज किया. इस युवा ने 131 गेंद में अपना शतक पूरा किया. उन्होंने भारतीय पारी के 34वें ओवर की पांचवीं गेंद पर बिलाल खान की गेंद पर एक रन लेकर शतक का आंकड़ा छुआ. शतक पूरा करने के बाद आर्यवीर ने अपने खेल की रफ्तार बढ़ाई. पारी के 37वें ओवर में उन्होंने उड्डिश सूरी की गेंदों पर दो छक्के और दो चौके जड़ दिए. इसके बाद 39वें ओवर की दूसरी गेंद पर जायनुल्लाह रहमानी ने उनका कैच टपकाया. आर्यवीर ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और 42वें ओवर की चौथी गेंद पर नूरुल्लाह अयोबी को छक्का जड़कर 150 रन पूरे किए.
Leading the charge at the top of the order 👊
An impressive 𝗛𝗨𝗡𝗗𝗥𝗘𝗗 by Aaryavir Sehwag 💯
Updates ▶️ https://t.co/M0EJVCkM56
#MensU19AsiaCup https://t.co/lntDRlo5F2
— BCCI (@BCCI) November 10, 2026
160 गेंदों में 150 रन पूरे करने के दौरान यह उनका सातवां छक्का था. इस पारी में उन्होंने सात छक्कों के अलावा 16 चौके भी लगाए. आर्यवीर ने भारत के इस करो या मरो मुकाबले में 168 गेंद का सामना करते हुए 17 चौके और सात छक्कों की मदद से 160 रन बनाए. उन्होंने पहले विकेट के लिए लक्ष्य रायचंदानी के साथ 83 गेंद में 62 रन की साझेदारी की. लक्ष्य ने 32 गेंदों पर 17 रन बनाए. अंडर-19 एशिया कप में भारत के पहले मुकाबले में भी आर्यवीर ने नेपाल के खिलाफ नाबाद 70 रन की पारी खेली थी. उस मैच में भारत ने 129 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत दर्ज की थी. वहीं, रविवार (8 नवंबर) को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में उनके बल्ले से 22 रन निकले थे.
भारतीय टीम ने यूएई के खिलाफ 7 विकेट पर 309 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया. टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में आर्यवीर की शतकीय पारी अहम रही. उन्होंने अकेले ही आधे से ज्यादा रन बना डाले. आर्यवीर ने 160 रन की पारी खेली जबकि वीके विनीत ने 67 रन बनाए.

