नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा के नाम पर एक ऐसा शर्मनाक रिकॉर्ड जुड़ गया जिसे कोई भी बैटर नहीं चाहता. जापान के खिलाफ खेले गए एक मात्र टी20 इंटरनेशनल में वो बिना खाता खेले वापस लौटे. इस मैच में आउट होते ही उनका नाम ऐसी लिस्ट में टॉप पर पहुंच गया जहां सिर्फ गेंदबाज होते हैं. टी20 क्रिकेट में एक कैलेंडर ईयर में अब अभिषेक सबसे ज्यादा शून्य पर आउट होने वाले बैटर बन गए हैं.
अभिषेक शर्मा के लिए साल 2026 का टी20 क्रिकेट उतार-चढ़ाव भरा रहा है. मंगलवार, 22 सितंबर को जापान के खिलाफ सानो में खेले गए मुकाबले में अभिषेक बिना खाता खोले लौट गए. चार्ली हारा-हिंजे के खिलाफ पहली ही बॉल पर शून्य पर कैच आउट हो गए. इस गोल्डन डक के साथ अभिषेक ने टी20 क्रिकेट में एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जो कोई भी बल्लेबाज नहीं चाहेगा. इस मुकाबले में आउट होते ही वो एक कैलेंडर ईयर में 10 बार शून्य पर आउट होने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं. टी20 क्रिकेट के इतिहास में आज तक कोई भी बैटर किसी एक साल में 10 बार कभी भी शून्य पर आउट नहीं हुआ था.
टी20 क्रिकेट में अभिषेक ने जो शर्मनाक रिकॉर्ड बनाया है वो इससे पहले अफगानिस्तान के गेंदबाज के नाम पर दर्ज था. उन्होंने राशिद खान के 9 बार शून्य पर आउट होने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा. साल 2019 में 56 टी20 मुकाबलों में नौ बार अफगानिस्तान का ये खिलाड़ी बिना खाता खोले वापस लौट था. पाकिस्तान के शादाब खान 2024 में खेलते हुए टी20 इंटरनेशनल में 9 बार ऐसा कर चुके हैं. साउथ अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज हर्षल गिब्स 8 बार साल 2009 में शून्य पर आउट होकर लौटे थे.
अभिषेक शर्मा के लिए यह आंकड़ा इसलिए भी डराने वाला है क्योंकि उन्होंने एक मैच पहले ही अफगानिस्तान के खिलाफ शतक जमाया था. 17 सितंबर को दिल्ली में महज 30 गेंद पर शतक जमाकर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया था. उन्होंने टेस्ट प्लेइंग नेशनल टीमों में सबसे तेज टी20 सेंचुरी का रिकॉर्ड अपने नाम किया था.
टी20 इंटरनेशनल की बात करें तो 2026 में अभिषेक ने कुल 27 मुकाबले खेले हैं. सात बार शून्य पर आउट हुए हैं. इस मामले में वह दुनिया के संयुक्त रूप से टॉप पर हैं. उनके साथ रवांडा के ऑर्चिडे तुयिसेंग और जैप्पी बिमेनिमाना, पाकिस्तान के सैम अयूब का नाम लिस्ट में शामिल है. 2026 में अभिषेक ने जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान दो बार शून्य पर आउट हुए थे. टी20 वर्ल्ड कप के शुरुआती तीन मैचों में भी वह बिना खाता खोले लौटे थे.

