कहा, अमेरिका तनाव कम करने की बजाय पूरे क्षेत्र की सुरक्षा को खतरे में डाल रहा
US-Iran War Update (द भारत ख़बर), तेहरान : ईरान ने एक बार फिर से अमेरिका पर आरोप लगाया है कि उसने युद्धविराम तोड़ते हुए ईरान पर हमले किए हैं। इस संबंध में बयान जारी करते हुए ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका शांति की जगह तनाव को बढ़ा रहा है। अब यदि हालात बिगड़ते हैं तो इसके लिए अमेरिका ही जिम्मेदार होगा। ज्ञात रहे कि शांति की पहल के बीच पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ रहा है।
शनिवार को एक तरफ जहां ईरान ने आरोप लगाया है कि अमेरिका ने उसपर हमले किए वहीं इजराइल ने भी लेबनान पर बड़ी संख्या में हमले किए जिसमें कई सैनिकों के मारे जाने की सूचना है। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि अमेरिका ने सीरिक क्षेत्र और केश्म द्वीप पर ईरान के तटीय रडार और निगरानी केंद्रों पर हमला किया, जो सीजफायर का साफ उल्लंघन है। ईरान ने कहा कि इन हमलों के बाद जो भी हालात पैदा होंगे और उसके जो भी नतीजे होंगे, उनकी पूरी जिम्मेदारी अमेरिका की होगी।
इजराइल के हमलों में 10 की मौत
शनिवार को इजराइली हमलों में लेबनानी सेना के एक ब्रिगेडियर जनरल समेत 10 लोगों की मौत हुई। हमलों के बाद कई इलाकों में लोगों को घर खाली करने के आदेश दिए गए। अमेरिका ने होर्मुज की ओर बढ़ रहे 4 ईरानी ड्रोन मार गिराने और केश्म आइलैंड की रडार साइट्स पर हमला करने का दावा किया। जवाब में ईरान ने कुवैत और बहरीन की ओर 7 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिन्हें इंटरसेप्ट करने का दावा किया गया। तेहरान ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने सीरिक और केश्म द्वीप पर तटीय रडार ठिकानों पर हमला कर युद्धविराम का उल्लंघन किया। ईरान ने कहा कि इसके बाद पैदा होने वाले हालात की जिम्मेदारी अमेरिका की होगी।
अमेरिका-ईरान तनाव में आया नया मोड़
अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग अब उन ईरानी संपत्तियों का इस्तेमाल करने की तैयारी कर रहा है, जिन्हें प्रतिबंधों के तहत जब्त किया गया था। इन पैसों से खाड़ी देशों में युद्ध और हमलों से हुए नुकसान की भरपाई करने की योजना बनाई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप प्रशासन चाहता है कि ईरान अपने हमलों से हुए नुकसान की आर्थिक कीमत भी चुकाए। इस बीच होर्मुज जलडमरूमध्य से लेकर लेबनान तक हालात लगातार विस्फोटक बने हुए हैं।
ये भी पढ़ें : LPG Cylinder Price Hike : रसोई गैस के बढ़े दाम, घरेलू सिलेंडर 29 रुपए हुआ महंगा

