नई दिल्ली. दुनियाभर में क्रिकेट के चाहने वालों को एशियन गेम्स 2026 का इंतजार है. इस मेगा टूर्नामेंट के क्रिकेट मुकाबलों के लिए ड्रॉ और ग्रुप की घोषणा कर दी गई है. भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमों को बेहतर रैंकिंग का फायदा मिला है. पुरुष टीम को सीधे नॉकआउट में जगह मिली है, जबकि महिला टीम क्वार्टर फाइनल से अपने अभियान की शुरुआत करेगी.
पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में भारत, बांग्लादेश, पाकिस्तान और श्रीलंका को सीधे नॉकआउट में जगह मिली है. वहीं अफगानिस्तान, हांगकांग, जापान, मलेशिया, नेपाल और ओमान पहले दौर में खेलेंगे. इन छह टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है.

अफगानिस्तान
जापान
नेपाल
हांगकांग
मलेशिया
ओमान
दोनों ग्रुपों की टॉप दो टीमें नॉकआउट चरण में पहुंचेंगी, जहां उनका मुकाबला भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका से होगा.
पुरुष टीम की तरह महिलाओं को सीधा नॉक आउट में जगह नहीं मिली है. उनको क्वार्टर फाइनल मुकाबले में खेलना होगा. महिला क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरुआत क्वार्टर फाइनल मुकाबलों से होगी. भारत का पहला मुकाबला जापान से होगा।
भारत vs जापान
बांग्लादेश vs चीन
श्रीलंका vs मलेशिया
पाकिस्तान vs थाईलैंड
महिला प्रतियोगिता 17 से 22 सितंबर तक खेली जाएगी, जबकि पुरुष टीमों के मुकाबले 24 सितंबर से 1 अक्टूबर तक खेले जाएंगे.
पिछली बार हुए एशियन गेम्स में भारत की पुरुष और महिला टीम ने धमाकेदार खेल दिखाया था. भारत ने एशियन गेम्स 2023 में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीता था. पुरुष फाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ बारिश के कारण मैच पूरा नहीं हो सका था. अफगानिस्तान ने 18.2 ओवर बल्लेबाजी की थी, लेकिन मुकाबला धुल गया. इसके बाद ग्रुप स्टेज और नॉक आउट में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर भारत को स्वर्ण पदक विजेता घोषित किया गया था. महिला फाइनल में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया था.

