SBI advisory on strike: भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने देशभर में बैंकों की 28 से 30 सितंबर को होने वाली तीन दिवसीय हड़ताल को देखते हुए ग्राहकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। बैंक ने कहा है कि ग्राहक शाखा से संबंधित जरूरी काम पहले ही निपटा लें, ताकि हड़ताल के दौरान उन्हें कोई परेशानी न हो।
UFBU के आह्वान पर हड़ताल
देशभर में बैंकों की हड़ताल का आह्वान यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने किया है। यह एडवाइजरी, यूएफबीयू की ओर से 11 सितंबर को की गई देशव्यापी हड़ताल के बाद और इस महीने के अंत में अगले चरण की हड़ताल के पहले सामने आया है। यूनियन फोरम ने जारी आंदोलन के तहत 26 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की भी घोषणा की है।
5 दिन बंद रहेंगे बैंक
एसबीआई ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे शाखा से संबंधित जरूरी ट्रांजैक्शन, हड़ताल से पहले ही कर लें और बैंक से जुड़े रोजमर्रा के काम के लिए डिजिटल और वैकल्पिक बैंकिंग चैनल का इस्तेमाल करें। प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल 28, 29 और 30 सितंबर को होने वाली है। चूंकि 26 सितंबर को शनिवार और 27 सितंबर को रविवार है, इसलिए ग्राहकों को शाखा से जुड़े कामों के लिए पांच दिनों तक इंतजार करना पड़ेगा।
चालू रहने वाली सेवाओं की लिस्ट
- SBI ने कहा है कि वह हड़ताल के दौरान जरूरी बैंकिंग सेवाएं चालू रखने के लिए कदम उठा रहा है। हालांकि, अलग-अलग जगहों पर कर्मचारियों की भागीदारी के आधार पर ब्रांच के कामकाज पर असर पड़ सकता है।
- ग्राहक कैश निकालने और दूसरी जरूरी सेवाओं के लिए ATM और ऑटोमेटेड डिपॉजिट और विद्ड्रॉल मशीनों (ADWMs) का इस्तेमाल कर सकते हैं। कुछ खास बैंकिंग सेवाओं के लिए कस्टमर सर्विस पॉइंट्स (CSPs) भी खुले रहेंगे।
- रोजाना के लेन-देन के लिए डिजिटल बैंकिंग सेवाएं चालू रहने की उम्मीद है। ग्राहक ब्रांच गए बिना पैसे ट्रांसफर करने, पेमेंट करने और रोजाना के दूसरे बैंकिंग काम करने के लिए इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, YONO और यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं।
किन सेवाओं पर असर पड़ेगा
जिन सेवाओं के लिए कागजी कार्रवाई या स्टाफ की मदद की जरूरत होती है उन पर असर पड़ सकता है। हड़ताल के दौरान चेक से जुड़े कामों और ब्रांच पर निर्भर दूसरी सेवाओं में देरी या रुकावट आ सकती है।

