RML Hospital Update on Injured Student: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक को लेकर छात्रों का प्रदर्शन चल रहा है। बीती 20 जुलाई को छात्रों ने संसद मार्च का ऐलान किया था और बड़ी संख्या में हुजूम संसद की ओर बढ़ रहा था। उसे रोकने के लिए दिल्ली पुलिस, रैपिड एक्शन फोर्स और CRPF ने छात्रों पर लाठीचार्ज कर दिया, आंसू गैस के गोले छोड़े और पैलेट गन का भी इस्तेमाल किया। इससे सैकड़ों छात्र बुरी तरह घायल हो गए थे। इसी लाठीचार्ज में 21 साल की एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गई थी। छात्रा को गंभीर हालत में डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। अब अस्पताल प्रशासन ने छात्रा के स्वास्थ्य को लेकर राहतभरी जानकारी दी है।
वेंटिलेटर से हटाई गई छात्रा, हालत में सुधार
RML अस्पताल की ओर से शनिवार को एक मेडिकल बुलेटिन जारी किया गया। इसमें बताया गया कि छात्रा को प्रोटेस्ट में घायल होने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी स्थिति गंभीर थी, जिसके चलते उसे वेंटिलेटर सपोर्ट दिया गया था। डॉक्टरों की निगरानी में इलाज के बाद मरीज को करीब 72 घंटे पहले सफलतापूर्वक वेंटिलेटर से हटा दिया गया। छात्रा की हालत में अब धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक अब छात्रा बिना किसी बाहरी सपोर्ट के पर्याप्त रूप से सांस ले रही है। उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है और रिकवरी के संकेत दिखाई दे रहे हैं।
छात्रा होश में आई, निर्देशों का दे रही जवाब
RML अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट की ओर से जारी बयान में बताया गया कि मरीज अब होश में है और सतर्क अवस्था में है। वह डॉक्टरों के निर्देशों को समझ रही है और उचित प्रतिक्रिया दे रही है। डॉक्टरों ने पिछले 24 घंटों में उसे मुंह से खाना देना भी शुरू किया है, जिसे वह अच्छी तरह सहन कर रही है। अस्पताल के अनुसार मरीज की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि उसकी रिकवरी प्रक्रिया सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ सके। छात्रा को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की मल्टी-डिसिप्लिनरी टीम उसकी देखभाल कर रही है। मरीज की हालत में सुधार है, लेकिन डॉक्टर अभी भी उसे निगरानी में रखे हुए हैं और किसी भी संभावित जटिलता को देखते हुए ट्रीटमेंट जारी है।

