Haryana News: हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा गोहाना विकास रैली में क्षेत्र के लिए की गई 700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास घोषणाओं को समयबद्ध ढंग से धरातल पर उतारना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सहकारिता मंत्री ने मंगलवार को गोहाना में पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर मुख्यमंत्री की घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की।उन्होंने अधिकारियों से न केवल अब तक हुई कार्रवाई का ब्यौरा मांगा, बल्कि प्रत्येक घोषणा की वर्तमान स्थिति, स्वीकृति प्रक्रिया, एस्टीमेट और कार्य शुरू होने की स्थिति की जानकारी भी ली।
विकास कार्य में देरी स्वीकार नहीं- अरविंद शर्मा
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनका लाभ समयबद्ध तरीके से लोगों को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं होगी। यदि किसी घोषणा के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अड़चन आ रही है तो अधिकारी बिना संकोच उनके संज्ञान में लाएं, ताकि उसका तत्काल समाधान करवाया जा सके।
विकास कार्यों को लेकर हुई चर्चा
गोहाना क्षेत्र में सड़कों के निर्माण एवं सुधार, पेयजल व्यवस्था, गलियों के निर्माण, स्टेडियम समेत विभिन्न विकास कार्यों को लेकर बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से प्रत्येक परियोजना की वास्तविक स्थिति जानी। उन्होंने कहा कि बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, क्योंकि इनका सीधा संबंध आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों से है।

