Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हिट एंड रन का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीते दो अक्तूबर को कीर्ति नगर में आर्य समाज मंदिर के पास एक कार बुजुर्ग दंपत्ति को जबरदस्त टक्कर मारकर फरार हो गई थी। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। यह वीडियो अब वायरल हो रहा है। घटना के बाद पुलिस ने कीर्ति नगर थाने में मामला दर्ज किया था।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें दोनों बुजुर्ग सड़क के एक किनारे चलते नजर आ रहे हैं। तभी पीछे से एक सफेद रंग की एसयूवी गाड़ी ने आकर उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों हवा में उछल गए। पत्नी पास में बिजली के खंभे के पास गिरीं, जबकि पति गाड़ी की बोनट पर गिरकर कुछ ही दूरी पर सड़क पर उछल कर गिरे। वीडियो में देखा जा सकता है कि हादसे के बाद महिला गाड़ी से बाहर आई और दोनों घायलों को देखा। इसके बाद जब लोग जमा होने लगे, तो वह चुपचाप गाड़ी लेकर वहां से फरार हो गई।
कार चालक महिला गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि 71 साल की घायल कुसुम तगरा और उनके पति 79 साल के दयानंद तगरा का इलाज चल रहा है है और दोनों की हालत में सुधार हो रहा है। घटना के दौरान गाड़ी 49 साल की नवलीन कौर चला रही थीं। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और दिल्ली के रजिस्टर नंबर वाली एसयूवी को जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
दंपत्ति का चल रहा इलाज
पुलिस ने घटना के बार में जानकारी देते हुए कहा कि उन्हें 2 अक्टूबर की सुबह लगभग 8:45 बजे कीर्ति नगर में आर्य समाज मंदिर रोड पर आर्य समाज मंदिर के पास एक दुर्घटना के बारे में कॉल आई। बताया गया कि क्रेटा कार ने एक बुजुर्ग दंपत्ति को टक्कर मार दी। पति की उम्र 78 साल और पत्नी की 72 साल थी। दोनों को मेडिकल जांच और इलाज के लिए कालरा अस्पताल में भर्ती कराया गया और वे अभी भी वहीं इलाज करा रहे हैं।
गंभीर रूप से घायल
जानकारी के मुताबिक, महिला को रीढ़ की हड्डी में चोट आई है, जबकि पति के सिर में खून का थक्का जम गया है। मामले की जांच चल रही है। मामले का संज्ञान लेते हुए कीर्ति नगर पुलिस स्टेशन में संबंधित धाराओं के तहत तुरंत एफआईआर दर्ज की गई।

